Samachar Nama
×

पूरे देश को उम्मीद है कि विराट-रोहित भारत के लिए वनडे विश्व कप 2027 जीतेंगे : रिंकू सिंह

पूरे देश को उम्मीद है कि विराट-रोहित भारत के लिए वनडे विश्व कप 2027 जीतेंगे : रिंकू सिंह
पूरे देश को उम्मीद है कि विराट-रोहित भारत के लिए वनडे विश्व कप 2027 जीतेंगे : रिंकू सिंह

नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। रिंकू सिंह ने उम्मीद जताई है कि अनुभवी दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे विश्व कप 2027 में खेलेंगे और भारत को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जिताने में मदद करेंगे। इसके साथ ही रिंकू ने कहा कि वह टेस्ट कैप हासिल करके सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी होने की अपनी छवि को बदलना चाहते हैं।

भारत के लिए अब दो वनडे और 48 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके रिंकू इस साल की शुरुआत में घरेलू मैदान पर भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। 'जियोस्टार' से बात करते हुए रिंकू ने कहा, "विराट और रोहित दोनों ही दिग्गज हैं। सिर्फ मुझे ही नहीं बल्कि पूरे देश को उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप में खेलेंगे और उस टीम का हिस्सा होंगे जो इसे जीतेगी।"

रिंकू ने कहा, "यह पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ा पल होगा, क्योंकि कौन जानता है, यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। इसी वजह से अगर वह भारत के लिए इसे जीत सकें तो यह बहुत बड़ी बात होगी। यह उनके लिए भी बहुत बड़ी बात होगी, क्योंकि हमने लंबे समय से वर्ल्ड कप नहीं जीता है। हमने आखिरी बार इसे 2011 में जीता था। हमें उम्मीद है कि वह दोनों टीम के साथ होंगे और वे ट्रॉफी उठाएंगे।"

रिंकू को आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाने के बाद वैश्विक पहचान मिली। रिंकू का कहना है कि उनके करियर का मुख्य लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है। उन्होंने कहा, "अभी लोग मुझे एक ओवर में उन पांच छक्कों के लिए जानते हैं। मेरे मन में अभी जो बात है, वह यह है कि मैं टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं- टीम का हिस्सा बनकर, बल्ले से योगदान देकर और भारत को वर्ल्ड कप जिताने में मदद करके। मैं चाहता हूं कि लोग मुझे सिर्फ उन पांच छक्कों के बजाय, इसके लिए ज्यादा जानें।"

टी20 में एक भरोसेमंद फिनिशर के तौर पर अपनी पहचान बनाने के बावजूद, जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे के बाद रिंकू को भारत की टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने खुद को सिर्फ व्हाइट-बॉल स्पेशलिस्ट मानने की बात को नकारा और घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में अपने शानदार रिकॉर्ड का जिक्र किया।

रिंकू ने कहा, "लोगों को लगता है कि मैं सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी हूं। आप घरेलू क्रिकेट में मेरा औसत देख सकते हैं, चाहे वह वनडे हो या चार दिन के मैच। मेरा सपना भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना भी है। लोगों को मुझे सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी नहीं समझना चाहिए। मैं तीनों फॉर्मेट खेल सकता हूं और घरेलू क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट खेलता भी हूं। हालांकि, भारत के लिए मैं अभी सिर्फ एक फॉर्मेट खेलता हूं।"

अपनी बेहतर होती लीडरशिप क्षमताओं पर रिंकू ने कहा कि वह अभी भी सीख रहे हैं और घरेलू व फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अनुभवी लीडर्स को देखते रहते हैं। "कप्तानी के मामले में मैं अभी भी सीख रहा हूं। मैंने यूपी लीग में कप्तानी की और अपनी टीम के साथ चैंपियन बना। पिछले सीजन में मैं आईपीएल में उप-कप्तान था। मैं कप्तानी की बारीकियां सीख रहा हूं- कोलकाता नाइट राइडर्स में अजिंक्य रहाणे और कई अन्य लोगों से। मैंने सूर्यकुमार के साथ काफी खेला है, इसलिए मैंने दो साल तक भारतीय टीम में उन्हें देखा और समझा कि वह कैसे टीम को लीड करते हैं। मैं अपनी लीडरशिप स्किल्स पर काम कर रहा हूं और उम्मीद है कि कप्तानी में मेरे लिए कुछ अच्छा होगा।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story