Samachar Nama
×

पंजाबी यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन पर सख्ती, एडमिन ब्लॉक बंद करने पर 18 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

पंजाबी यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन पर सख्ती, एडमिन ब्लॉक बंद करने पर 18 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
पंजाबी यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन पर सख्ती, एडमिन ब्लॉक बंद करने पर 18 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

पटियाला, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला में कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण प्रशासन और कर्मचारियों के बीच विवाद गहरा गया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने प्रदर्शन करने वाले 18 नॉन-टीचिंग कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार, नॉन-टीचिंग कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक-2 की बिल्डिंग के दोनों दरवाजे बंद कर दिए। इससे ब्लॉक में काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकलने में परेशानी हुई और पूरे दिन दफ्तर का कामकाज ठप रहा।

प्रशासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सख्त रुख अपनाया है। जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित 18 कर्मचारियों को 30 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे तक अपना लिखित स्पष्टीकरण देना होगा। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि तय समय तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के अनुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव बढ़ने की आशंका है।

दूसरी ओर, नॉन-टीचिंग कर्मचारी एसोसिएशन ने प्रशासन के नोटिस के बावजूद अपना आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। एसोसिएशन के प्रधान गुरजीत गोपालपुरी ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों को रेगुलर करने की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी के विरोध में यूनिवर्सिटी के गेट बंद कर रोष प्रदर्शन किया गया।

गोपालपुरी ने बताया कि एसोसिएशन ने अब यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के नजदीक मोर्चा शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उनकी मांगों पर उचित फैसला नहीं लिया तो यूनिवर्सिटी को पूर्ण तौर पर बंद किया जाएगा। इस संबंध में एसोसिएशन के सदस्यों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें जायज हैं, और कई कर्मचारी पिछले कई सालों से कच्चे तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें नियमित करने के आश्वासन तो कई बार मिले, लेकिन फाइलें अब तक लटकी हुई हैं।

फिलहाल, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और कर्मचारियों से शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिलता, उनका मोर्चा जारी रहेगा।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags