पंजाब विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस का मंथन, जनता के मुद्दों के साथ मैदान में उतरेगी पार्टी: भूपेश बघेल
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव की रणनीति के मद्देनजर कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें रणनीतिक मामलों पर चर्चा की गई।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए कहा कि पंजाब चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व के साथ विस्तृत रणनीतिक बैठक हुई है। पंजाब के सभी प्रदेश स्तर के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
भूपेश बघेल ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में अब केवल कुछ महीने शेष हैं, इसलिए रणनीतिक मामलों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी को एकजुट होकर पंजाब की जनता के बीच जाना होगा, क्योंकि पंजाब न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे देश के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण राज्य है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी नेतृत्व ने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने सभी नेताओं को संगठन मजबूत करने और जल्द ही चुनावी कार्यक्रम तैयार कर मैदान में उतरने का संदेश दिया है।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, "कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चार महीने पहले ही इसे स्पष्ट कर दिया था, इसलिए इसे दोहराने की कोई जरूरत नहीं है। आज हमें पंजाब चुनावों की तैयारी करनी है और एकजुट होकर आगे बढ़ना है। हम लोगों के बीच भगवंत मान सरकार में भ्रष्टाचार के मुद्दे, बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति और केंद्र सरकार के उस रवैये को लेकर जाएंगे, जिससे पूरे पंजाब राज्य को नुकसान पहुंच रहा है।"
उनका कहना है कि पंजाब की जनता से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। इसमें सभी साथ हैं और उसी के आधार पर काम होगा।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी

