पंजाब सरकार केजरीवाल और सिसोदिया की आवभगत में मस्त और पूरा प्रदेश त्रस्त : तरुण चुघ
चंडीगढ़, 13 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब के सीएम भगवंत मान पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि वह अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पंजाब के सीएम कभी मीडिया हाउस को दबाते हैं, कभी यूट्यूबर को दबाते हैं तो कभी झूठे आरोप लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक पुलिस स्टेशन पर 22 धमाके हो चुके हैं, रॉकेट लॉन्चर से पुलिस मुख्यालय पर हमला होता है। गुरुद्वारे, मंदिरों पर बम फट चुके हैं, गोलियां चल चुकी हैं, पुलिस वालों को पीटा जा रहा है, कानून व्यवस्था फेल है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केजरीवाल और सिसोदिया की आवभगत में मस्त है और पूरा पंजाब त्रस्त है। ड्रग माफिया को न रोक पाना, 'युद्ध नशे के विरुद्ध' का फेल होना और पंजाब की बिगड़ी हुई कानून-व्यवस्था से लोग परेशान हैं। आने वाले समय में लोग इसका जवाब देंगे।
वहीं, दिलजीत दोसांझ के पीए पर हुए हमले को लेकर उन्होंने कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जरूर होगी। भगवंत मान के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वह पिछला सबूत तो दे नहीं पाए, सबूत दें या झूठ बोलना बंद कर दें। दिलजीत दोसांझ ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद खुद ही पोस्ट किया और वीडियो जारी किया। दबाव कौन डाल रहा है?
पीएम मोदी द्वारा ईंधन बचाने की अपील पर तरुण चुघ ने कहा कि देश तैयार है। देश के रिजर्व मौजूद हैं, लेकिन देश में विदेशी चीजों का कम इस्तेमाल हो और स्वदेशी का उपयोग अधिक हो, देश अनुशासन में रहे, इसलिए प्रधानमंत्री ने आह्वान किया है। सभी इसका स्वागत कर रहे हैं। पाकिस्तान की भाषा और विदेशी टूलकिट पर नागिन डांस करने वालों को कोई नहीं रोक सकता।
नीट पेपर लीक पर उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच कर रही है, जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

