Samachar Nama
×

पंजाब पुलिस ने किया म्यूल अकाउंट रैकेट का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार, 20 लाख रुपए फ्रीज

चंडीगढ़, 20 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य साइबर अपराध विंग ने विदेशी हैंडलर्स से जुड़े 'म्यूल खाता' गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह ने धोखाधड़ी से कमाए गए पैसों को इधर-उधर करने में मदद की। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ये आरोपी जाली दस्तावेज के आधार पर बैंक खाते खुलवाते थे। उन्होंने नकली कंपनियां चलाकर ऐसे खाते उपलब्ध कराए। इन खातों के जरिए ठगी के पैसों को लेन-देन किया जाता था, जिसे मनी लॉन्ड्रिंग कहा जाता है। पिछले दो साल में उन्होंने इस काम से कमीशन कमाया। गिरोह ने हजारों लोगों को ठगने में भूमिका निभाई और करोडों रुपए की ठगी में शामिल रहा।

पुलिस ने बैंक खातों में जमा बीस लाख रुपए फ्रीज कर दिए गए। इसके अलावा पांच हजार एक सौ अमेरिकी डॉलर मूल्य की डिजिटल मुद्रा (क्रिप्टोकरेंसी), तेईस एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, जाली पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज, चौदह चेक बुक तथा कई मोहरें जब्त की गईं। ये सामान गिरोह की गतिविधियों का सबूत हैं।

इस मामले में स्टेट साइबर अपराध पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस गिरोह के व्यापक संबंधों की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जारी है, ताकि और लोगों का पता लगाया जा सके जो इस रैकेट में शामिल हैं।

पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का मकसद नागरिकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल माहौल बनाना है। लोग साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें। संदिग्ध लिंक या कॉल पर पैसे न भेजें और शक होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

--आईएएनएस

वीसी

Share this story

Tags