Samachar Nama
×

पंजाब पुलिस में 2,577 नए जवान शामिल, जालंधर पीएपी परेड में सीएम भगवंत मान ने ली सलामी और दी बधाई

जालंधर, 25 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने 2,577 नए अधिकारियों और कर्मचारियों को औपचारिक रूप से शामिल किया है। इस दौरान डीजीपी गौरव यादव ने पंजाब आर्म्ड पुलिस (पीएपी) कैंपस, जालंधर में डीएसपी, एसआई और कांस्टेबल्स की पासिंग आउट परेड में मुख्यमंत्री भगवंत के शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से पोस्ट करके लिखा, "पंजाब आर्म्ड पुलिस (पीएपी) कैंपस, जालंधर में डीएसपी, एसआई और कांस्टेबल्स की पासिंग आउट परेड में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद। ये नए ट्रेनी ऑफिसर अब पंजाब पुलिस में शामिल होकर अपनी स्किल्स और कमिटमेंट के साथ पंजाब के लोगों की प्रोफेशनल और बेहतर तरीके से सेवा करेंगे। इन 2,577 ट्रेनीज ने एमआरएस पीएपी फिल्लौर, पीआरटीएस जहान खेलन और आईएसटीसी कपूरथला जैसे प्रतिष्ठित पंजाब पुलिस इंस्टीट्यूशंस में ट्रेनिंग पूरी की है।"

पासिंग आउट परेड कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मान ने जवानों को संबोधित करते हुए उन्हें भविष्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, "पंजाब पुलिस अपनी बहादुरी और दृढ़ निश्चय के लिए पहचानी जाती है। आज पुलिस विभाग में लगभग 2,600 अधिकारी शामिल किए गए हैं। हम पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार के परिवार में सभी का स्वागत करते हैं। साल 2026 में पुलिस विभाग में 3,400 और नौजवानों की भर्ती की जाएगी।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "मार्च 2022 में पंजाब की जनता द्वारा दिए गए ऐतिहासिक जनादेश की बदौलत हमें लोगों की सेवा करने का अवसर मिला। सबसे पहले हमने पंजाब पुलिस को समय के अनुरूप सशक्त और आधुनिक बनाने का कार्य किया। पुलिस विभाग को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए बजट के मामले में कभी कोई कमी नहीं आने दी।"

उन्होंने बताया, "बीते दिनों गुरदासपुर इलाके के थाने में हुई घटना के तार पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं। इस घटना को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों में से 2 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी का मुठभेड़ के दौरान एनकाउंटर कर दिया गया।"

सीएम मान ने कहा, "पंजाब के पास बेहतरीन ट्रेनिंग सेंटर हैं। सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्य भी अपने पुलिस जवानों को यहां ट्रेनिंग दिलवाने की मांग करते हैं। लेकिन हमारे पास अन्य राज्यों के जवानों को प्रशिक्षण देने के लिए ना तो पर्याप्त जगह है और ना ही समय।"

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags