पंजाब पीसीएस घोटाले पर बोले सुनील जाखड़, पूरा पीपीसीएस सिस्टम ही भ्रष्ट है
चंडीगढ़, 11 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पीपीसीएस परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट में सिर्फ पेपर लीक हुआ था, लेकिन पंजाब में तो पूरा पीपीसीएस सिस्टम ही भ्रष्ट नजर आ रहा है। जाखड़ ने ग्रेस मार्क्स और स्पोर्ट्स कोटे के नाम पर फेल उम्मीदवारों को पास करने, मंत्रियों-पूर्व मुख्यमंत्रियों के रिश्तेदारों के नाम आने और पैसों के लेन-देन के आरोपों पर सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने कहा, "पीपीसीएस की जो परीक्षा आयोजित की गई और जो नतीजे आए हैं, उसमें एक बात है कि नीट के मामले में तो सिर्फ पेपर लीक हुआ था, लेकिन यहां तो पूरा पीपीएससी और उसके द्वारा आयोजित पीसीएसई का सिस्टम ही भ्रष्ट दिखाई दे रहा है। यह जो अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम दिल्ली से आकर बैठी है, इन्होंने जहां पंजाब को लूटा है, वहीं पंजाब के नौजवानों का भविष्य भी अंधकार में डाल दिया है। यही लोग हैं जो जंतर-मंतर पर मगरमच्छ के आंसू बहा रहे थे और सड़कों पर लेटे रहते थे, जिन्हें पुलिस उठाकर ले जाती थी।"
उन्होंने कहा कि आज मेरी विनती अरविंद केजरीवाल से यह है कि जहां आप वहां आंसू बहाते थे, यहां के बच्चों के आंसू भी पोंछिए। कम से कम उनसे बात तो कीजिए। जो लोग प्रीलिमिनरी परीक्षा में फेल हुए थे, उन्हें ग्रेस मार्क्स और स्पोर्ट्स कोटे के नाम पर योग्य बनाया गया है। आज तक ऐसा नहीं हुआ कि प्रीलिमिनरी में एलिजिबिलिटी के लिए 10-10 ग्रेस मार्क्स दिए गए हों।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बड़े मंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों के रिश्तेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। अधिकारियों और तहसीलदारों तक के स्तर पर पैसों के लेन-देन की बातें सामने आ रही हैं। इस मामले से पर्दा हटाइए। आपको मौका है कि अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दें। बच्चों की मांग है कि सीबीआई जांच करवाई जाए। पंजाब में कानून के अनुसार जब तक मौजूदा सरकार अनुमति नहीं देती, सीबीआई जांच नहीं हो सकती, जब तक कि हाई कोर्ट उसके लिए आदेश न दे। बच्चे हाई कोर्ट का रुख करने की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से मैं बच्चों को यही भरोसा देता हूं कि आप फरवरी के अंत तक दो-तीन महीने इंतजार कीजिए। पंजाब के लोग इन ठगों के चेहरे पहचान चुके हैं, जिन्होंने पंजाब को लूटा है। जब यहां भाजपा की सरकार बनेगी, तब इन सभी नियुक्तियों को निरस्त किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चों का भविष्य और उनकी मेहनत दोनों बर्बाद न हों। उनके साथ बैठकर इस मसले का समाधान निकाला जाएगा।
सुनील जाखड़ ने कहा कि उनके लिए पंजाब मुद्दा नहीं है, उनके लिए सबसे बड़ा मुद्दा कुर्सी है। जो यात्राएं निकल रही हैं, चाहे परगट सिंह निकाल रहे हों या चरणजीत सिंह चन्नी, यह सब कांग्रेस बचाओ यात्राएं हैं, लेकिन कांग्रेस बचेगी कैसे? चरणजीत सिंह चन्नी साइकिल पर सवार होने की बात कर रहे हैं और दूसरी तरफ परगट सिंह और उनका समूह उसी साइकिल को पंचर करने पर लगा है। यह कांग्रेस की सोच और अंदरूनी फूट को साफ दिखाता है। कुर्सी का लालच और पंजाब को लूटने की राजनीति इन्हें कभी एकजुट नहीं रहने देगी।
सोनिया गांधी की किताब को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी आत्मकथा है। उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। वह उनकी अपनी पुस्तक है, उनका अपना दृष्टिकोण है। उन्होंने अपना पक्ष रखा है। मैंने अभी तक वह पुस्तक पढ़ी भी नहीं है।
पीसीएस उम्मीदवार अभिषेक डागर ने कहा कि मैं पंजाब पीसीएस प्रीलिम्स में बैठा था, लेकिन परिणाम सफल नहीं रहा। इसकी प्रक्रिया में सबसे पहले प्रीलिम्स होता है। लगभग 80 से 85 हजार आवेदन आए थे। इनमें से वास्तविक रूप से लगभग 35 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्रीलिम्स को लगभग 4,200 अभ्यर्थियों ने पास किया, लेकिन वास्तव में मेन्स परीक्षा में 3,959 अभ्यर्थी बैठे। मैं भी उनमें शामिल था। मेन्स के बाद इंटरव्यू चरण के लिए केवल 751 उम्मीदवारों का चयन हुआ है, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या 331 है।
इसमें गड़बड़ी को लेकर अभिषेक ने कहा कि सबसे पहली बात यह है कि मूल्यांकन जिस तरीके से किया गया है, वह पूरी तरह अपारदर्शी रहा है। परिणाम देने में सात महीने लगा दिए गए और जब परिणाम आया तो उसमें 86 उम्मीदवार ऐसे पाए गए जिनके रोल नंबर क्लस्टर के रूप में थे। कुछ जगह 6-6 के क्लस्टर हैं, कुछ जगह 4-4 के क्लस्टर हैं। यह सामान्य संभावना के सिद्धांतों के भी विपरीत प्रतीत होता है। सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले, सचिन कुमार बनाम डीएसएसएसबी, में कहा गया था कि यदि किसी परीक्षा में इस प्रकार की रोल नंबर क्लस्टरिंग दिखाई दे तो तत्काल जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसलिए हमारी मांग है कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए। यदि सीबीआई जांच संभव नहीं है, तो कम से कम हमें एक निष्पक्ष अवसर दिया जाए और परीक्षा दोबारा करवाई जाए।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी

