Samachar Nama
×

पंजाब में गेहूं खरीद तेज, मंत्री कटारूचक्क ने मंडियों का किया निरीक्षण

गुरदासपुर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब में गेहूं खरीद का सीजन रफ्तार पकड़ चुका है और राज्य सरकार इस पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने गुरदासपुर की अनाज मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पंजाब में गेहूं खरीद तेज, मंत्री कटारूचक्क ने मंडियों का किया निरीक्षण

गुरदासपुर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब में गेहूं खरीद का सीजन रफ्तार पकड़ चुका है और राज्य सरकार इस पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने गुरदासपुर की अनाज मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश में गेहूं की खरीद रोजाना तेज हो रही है और सरकार हर स्तर पर इसकी निगरानी कर रही है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। निरीक्षण के दौरान कटारूचक्क ने कहा कि गुरदासपुर के बाद वह अन्य मंडियों का भी दौरा करेंगे, जिससे खरीद प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद के लिए बनाए गए मैकेनिज्म की लगातार समीक्षा की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूरा सीजन सुचारू रूप से चले। उनके अनुसार, बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं और अब तक राज्य की मंडियों में लगभग 61 लाख मीट्रिक टन गेहूं आ चुकी है, जिसमें से करीब 57 लाख मीट्रिक टन की खरीद पूरी हो चुकी है।

मंत्री ने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के तहत किसानों को भुगतान भी तेज गति से किया जा रहा है। अब तक 7,109 करोड़ रुपए की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है, जिससे किसानों में संतोष का माहौल है। उन्होंने कहा कि किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेचकर संतुष्टि के साथ मंडियों से लौट रहे हैं, जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।

कटारूचक्क ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का किसानों से स्पष्ट वादा है कि मंडियों से एक-एक दाना उठाया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पार्टी के पदाधिकारी मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रहे। साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूरा करने के लिए भी राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

उन्होंने पिछले चार वर्षों के ट्रैक रिकॉर्ड का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने हर बार गेहूं खरीद के सीजन को सफलतापूर्वक संचालित किया है और इस बार भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story

Tags