Samachar Nama
×

पंजाब में भाजपा का संगठन हो रहा मजबूत, पार्टी जीतेगी चुनाव: मनोहर लाल

करनाल, 21 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक दलों के नेताओं के संपर्क अभियान और उनके फैसलों की सच्चाई को भलीभांति समझती है। उन्होंने पंजाब में भाजपा की जीत का दावा किया।
पंजाब में भाजपा का संगठन हो रहा मजबूत, पार्टी जीतेगी चुनाव: मनोहर लाल

करनाल, 21 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक दलों के नेताओं के संपर्क अभियान और उनके फैसलों की सच्चाई को भलीभांति समझती है। उन्होंने पंजाब में भाजपा की जीत का दावा किया।

करनाल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मनोहर लाल ने राहुल गांधी के लोगों से मिलने और जनसंपर्क अभियान चलाने के सवाल पर कहा, "किसी भी राजनीतिक दल के नेता को जनता के बीच जाना चाहिए और लोगों की समस्याओं को सुनना चाहिए। भाजपा के नेता भी लगातार जनता के बीच जाकर संवाद कर रहे हैं। हालांकि जनता किसी नेता या दल के जनसंपर्क कार्यक्रम को किस नजरिए से देखती है, यह निर्णय जनता स्वयं करती है।"

उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में जनता ने विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं के बारे में जो राय बनाई है, उससे सभी परिचित हैं।

पंजाब की राजनीति और भाजपा की तैयारियों पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार राज्य का दौरा कर रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पंजाब दौरे के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी राज्य में जाएंगे।"

उन्होंने कहा कि वह स्वयं पिछले सप्ताह पंजाब के दौरे पर थे और पार्टी कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच जाकर भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को रख रहे हैं।

मनोहर लाल ने विश्वास जताते हुए कहा, "पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को सफलता मिलेगी। पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में बढ़ रहा है।"

इस दौरान केंद्रीय मंत्री करनाल के कछवा गांव में अंत्योदय फाउंडेशन द्वारा स्थापित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास से जोड़ने वाली ऐसी पहलें उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि जब महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और अवसर मिलते हैं, तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करती हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने अंत्योदय फाउंडेशन को इस जनकल्याणकारी पहल के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह केंद्र अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags