पंजाब में अशांति फैलाना चाहते हैं केजरीवाल, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश : सुनील जाखड़
चंडीगढ़, 7 मई (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर गुरुवार को गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हाल ही में बम धमाकों को लेकर दिए गए बयान भ्रामक और बेबुनियाद हैं, जिनके जरिए भाजपा को दोषी ठहराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान जानबूझकर माहौल खराब करने के लिए दिए जा रहे हैं।
भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ स्थित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय का दौरा कर इस पूरे मामले की जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इसे एक साजिश बताते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई सबूत है तो कार्रवाई की जाए, अन्यथा मुख्यमंत्री और अन्य आप नेताओं को जांच में शामिल किया जाए और उनके खिलाफ बेबुनियाद व भड़काऊ बयान देने के लिए कार्रवाई की जाए।
जाखड़ ने मुख्यमंत्री के बयान को सांप्रदायिक सौहार्द के लिए खतरनाक और देशद्रोह की श्रेणी में आने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा उठाता है, तो ऐसे बयान पाकिस्तान के पक्ष में इस्तेमाल किए जा सकते हैं, जिससे देश की छवि को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने आगे कहा कि जहां पंजाब के डीजीपी का कहना है कि धमाकों के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है। वहीं, मुख्यमंत्री का बयान पाकिस्तान को क्लीन चिट देने जैसा है। इस आधार पर जाखड़ ने मुख्यमंत्री के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।
भजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अरविंद केजरीवाल के इशारों पर काम कर रहे हैं और यह एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की रणनीति राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने की है। जाखड़ ने यह भी दावा किया कि कई आप नेता एक जैसे बयान दे रहे हैं, जिससे साफ है कि यह पार्टी नेतृत्व द्वारा सुनियोजित और समन्वित रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय केजरीवाल ऐसे लोगों के घरों में ठहरे थे, जिनका संबंध चरमपंथ से रहा है। उन्होंने आगे कहा कि एक राष्ट्रवादी पार्टी बीजेपी पर आरोप लगाने का नैतिक अधिकार केजरीवाल को नहीं है।
--आईएएनएस
पीएसके

