Samachar Nama
×

पंजाब में आप के भीतर बगावत शुरू, कई और नेता छोड़ सकते हैं पार्टी: उदित राज

पंजाब में आप के भीतर बगावत शुरू, कई और नेता छोड़ सकते हैं पार्टी: उदित राज
पंजाब में आप के भीतर बगावत शुरू, कई और नेता छोड़ सकते हैं पार्टी: उदित राज

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों के इस्तीफे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस नेता उदित राज ने आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आप के और भी नेता पार्टी छोड़ सकते हैं। उदित राज ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं, बल्कि दिल्ली में बैठे अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और उनके सहयोगी चला रहे हैं।

दिल्ली में पंजाब के आप विधायकों के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि पार्टी के भीतर लंबे समय से असंतोष था और अब वह खुलकर सामने आ रहा है। अगर विधायकों को पार्टी से नाराजगी थी, तो वे इतने लंबे समय तक आप में क्यों बने रहे?

उदित राज ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी के सांसदों ने वॉकआउट किया था, उस समय भी करीब 40 से 45 विधायक पार्टी छोड़ने के लिए तैयार थे। पार्टी के भीतर बगावत की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले दिनों में कई अन्य नेता भी इस्तीफा दे सकते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा, "इसके पीछे कोई और कारण भी हो सकता है। पार्टी के भीतर बगावत तो होनी ही थी और अब यह शुरू हो गई है। जब सभी सांसदों ने वॉकआउट किया था, तब 40-45 विधायक भी पार्टी छोड़ने के लिए तैयार थे। सबको पता है कि अभी उनकी सरकार कैसे चल रही है। आने वाले दिनों में पार्टी से और भी लोग इस्तीफा देंगे।"

उदित राज ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के संचालन में भगवंत मान की प्रभावी भूमिका नहीं है। सरकार से जुड़े अहम फैसले दिल्ली में बैठे आम आदमी पार्टी के नेता लेते हैं।

उदित राज ने भगवंत मान पर नशे में रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, "सरकार चलाने से भगवंत मान का कोई लेना-देना नहीं है। सरकार तो मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल और उनके साथी चला रहे हैं। पंजाब के लोग अपनी सरकार कहां चला रहे हैं? पंजाब की सरकार तो दिल्ली के लोग चला रहे हैं।"

पंजाब की राजनीति के अलावा उदित राज ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों से भाजपा दिल्ली में प्रदूषण की समस्या के लिए कभी दिल्ली सरकार तो कभी नगर निगम को जिम्मेदार ठहराकर पल्ला झाड़ती रही है। लेकिन अब प्रधानमंत्री से लेकर दिल्ली सरकार और एमसीडी तक भाजपा के नियंत्रण में हैं। इसके बावजूद राजधानी की हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है।

उदित राज ने कहा कि अभी सर्दियों की शुरुआत भी नहीं हुई है, लेकिन दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) काफी ऊपर पहुंच गया है। उन्होंने सवाल किया कि जब केंद्र और दिल्ली में भाजपा की सरकार है और नगर निगम भी उसी के पास है, तो फिर प्रदूषण पर नियंत्रण क्यों नहीं किया जा रहा है?

कांग्रेस नेता ने भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा देश और राजधानी की समस्याओं का समाधान करने में सक्षम नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा केवल झूठे दावे करती है।

उदित राज ने दावा किया कि अगर कांग्रेस को दिल्ली में सरकार चलाने का अवसर मिले, तो वह 24, 48 या 72 घंटों के भीतर प्रदूषण को नियंत्रित कर सकती है।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story