Samachar Nama
×

पंजाब में आज से शुरू होंगे 100 नए आम आदमी क्लीनिक

पंजाब में आज से शुरू होंगे 100 नए आम आदमी क्लीनिक
पंजाब में आज से शुरू होंगे 100 नए आम आदमी क्लीनिक

चंडीगढ़, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब में स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने की दिशा में भगवंत मान सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शनिवार से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 100 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए जा रहे हैं। इन क्लीनिकों का उद्घाटन 25 जुलाई से 27 जुलाई के बीच कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में करेंगे।

इन 100 नए क्लीनिकों के शुरू होने के बाद पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो जाएगी। इनमें 73 क्लीनिक शहरी क्षेत्रों में और 27 क्लीनिक ग्रामीण इलाकों में खोले जा रहे हैं, जिससे शहरों के साथ-साथ गांवों में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।

सरकार के अनुसार, हर आम आदमी क्लीनिक में मरीजों को 107 आवश्यक दवाइयां और 47 तरह की डायग्नोस्टिक जांचें पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या महंगे मेडिकल टेस्ट पर खर्च नहीं करना पड़ेगा।

आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक 5.90 करोड़ से अधिक ओपीडी सेवाओं का लाभ लोगों को मिल चुका है। वहीं 3.43 करोड़ से ज्यादा मुफ्त डायग्नोस्टिक टेस्ट भी इन क्लीनिकों के माध्यम से किए जा चुके हैं। यह योजना आम लोगों को सस्ती नहीं, बल्कि पूरी तरह मुफ्त और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की बड़ी पहल मानी जा रही है।

आम आदमी क्लीनिक पंजाब सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजना है। इसके तहत गांवों और शहरों में लोगों के घर के पास क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, ताकि हर नागरिक को आसानी से इलाज मिल सके।

इन क्लीनिकों में बुखार, सर्दी-जुकाम, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर जैसी सामान्य बीमारियों का मुफ्त इलाज किया जाता है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार जरूरी दवाइयां निःशुल्क दी जाती हैं। साथ ही शुगर, टाइफाइड, ब्लड टेस्ट सहित कई जरूरी लैब जांचें भी बिना किसी शुल्क के कराई जाती हैं।

प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में एक एमबीबीएस डॉक्टर (या टेली-कंसल्टेशन की सुविधा), एक फार्मासिस्ट और सहायक स्टाफ मौजूद रहता है, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story