पंजाब में एससी समुदाय की कल्याण पर 97.6 फीसदी खर्च: मंत्री बलजीत कौर
चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने पारदर्शिता, जवाबदेही और शिक्षा, रोजगार और आर्थिक मजबूती के लिए नई योजनाओं पर जोर दिया। उन्होंने मानसा की घटना पर अफसोस जताया और इसका राजनीतिकरण न करने की अपील की। साथ ही, एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर चिंता जताई और कहा कि पंजाब में इसका असर चुनावों के दौरान साफ हो जाएगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा, "सरकार ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। एससी समुदाय पर खर्च में जो विभाग पीछे रह गए हैं, उन्हें हिदायत दी गई है कि हमारे साथ मिलकर कोई ऐसी योजना या स्कीम तैयार की जाए कि हमारा पूरा पैसा एससी समुदाय पर खर्च हो। पंजाब सरकार ने 2025-26 में 13,987.16 करोड़ के एससी सब-प्लान बजट का 97.6 फीसदी खर्च किया और 2026-27 में अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए 17,700 करोड़ दिए।"
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में लड़कियों की उपस्थिति बढ़ें, उसके लिए वजीफा दिया। स्पोर्ट्स विभाग में जो यूथ क्लब बनाए गए हैं, उसमें यह सुनिश्चित किया जाए कि एससी बच्चे भी शामिल हों। उन्हें पैसे दिए जाते हैं। हर विभाग में योजनाएं निकाल सकती हैं। सड़क निर्माण में एससी समुदाय को कवर करने के लिए जो गांव है, जिनमें 40-50 फीसदी से ऊपर एससी समुदाय है, उसमें कितनी सड़कें बनीं? हर विभाग में हम इस तरह का विश्लेषण कर सकते हैं।
पंजाब में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बहुत बार ऐसा होता है कि घर में भी कई बार तनाव इतना बढ़ जाता है कि गोलियां चला देते हैं। हालांकि, मान सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर और मुख्य प्रवक्ता बलतेज सिंह पन्नू ने कहा, "मैसेज बिल्कुल साफ है। यह आज का नहीं, बल्कि पहले का है, और यह मुख्यमंत्री का मैसेज है। हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है। अगर कोई भी इंसान गैर-कानूनी कामों में शामिल है तो कानून उसके खिलाफ अपना काम करेगा, पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी, और एडमिनिस्ट्रेशन अपना काम करेगा। किसी भी मामले में हमारा कोई भी मंत्री, विधायक या नेता रुकावट नहीं बना है और न ही भविष्य में बनेगा।"
बलतेज सिंह पन्नू ने मानसा की घटना और लोकल डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा अश्विनी कुमार का घर गिराने को लेकर कहा कि अगर कोई भी इंसान ड्रग्स बेचने का गैर-कानूनी धंधा करता है या कानून अपने हाथ में लेता है तो पुलिस अपना काम करेगी, कानून अपना काम करेगा, और प्रशासन अपना काम करेगा।
उन्होंने कहा कि जब से 'आप' की सरकार आई है, हम कानून के काम में दखल नहीं देते। पुलिस ने अपना काम किया और मर्डर के गुनहगार को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। जो भी एक्शन लिया जा रहा है, वह प्रशासन ले रहा है।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी

