पंजाब में मिशन क्लीन 2.0 को 12 सितंबर तक बढ़ाया गया: हरजोत सिंह बैंस
चंडीगढ़, 8 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब 2.0’ को चार दिन और बढ़ाकर 12 सितंबर तक कर दिया गया है। पंजाब सरकार में मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि इस अभियान को जनता का जबरदस्त समर्थन मिला है और अब अगले चार शनिवार को जनप्रतिनिधियों, एनजीओ और यूथ क्लबों के सहयोग से बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। हम चाहते हैं कि जनता भी इस अभियान में हिस्सा लें।
उन्होंने इस अभियान के बारे में बताया कि 29 अगस्त को ‘स्वच्छता अभियान 2.0’ की शुरुआत की गई थी। राज्य में 166 स्थानीय निकाय हैं, जिनमें 14 नगर निगम और 100 नगर परिषद एवं नगर पंचायतें शामिल हैं। इन सभी शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। 7 सितंबर तक मंत्री, विधायक, पार्षद और अधिकारी रोजाना सुबह ठीक 7 बजे जमीनी स्तर पर अभियान में शामिल होते रहे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और लोगों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मंत्री ने बताया कि स्वच्छता अभियान से संबंधित एप पर भी लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला है। अभियान के दौरान करीब 6,500 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5,400 से अधिक शिकायतों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके सफाई कर्मचारियों को सौंपें, ताकि कचरे का बेहतर प्रबंधन किया जा सके और शहरों को साफ रखने में मदद मिले।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब 2.0’ को अब 12 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही अगले चार शनिवारों को जनप्रतिनिधियों, एनजीओ, यूथ क्लबों और अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने सभी एनजीओ और सामाजिक संगठनों से इस पहल में आगे आकर सहयोग करने की अपील की। पंजाब गुरुओं और पीरों की धरती है और राज्य के शहरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता के सहयोग से ‘मिशन क्लीन’ को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

