Samachar Nama
×

पंजाब में मंत्रियों के आवास पर आप नेताओं का कब्जा, राज्यपाल जांच कराएं: अर्शदीप क्लेर

पंजाब में मंत्रियों के आवास पर आप नेताओं का कब्जा, राज्यपाल जांच कराएं: अर्शदीप क्लेर
पंजाब में मंत्रियों के आवास पर आप नेताओं का कब्जा, राज्यपाल जांच कराएं: अर्शदीप क्लेर

चंडीगढ़, 29 सितंबर (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह क्लेर ने अमरजीत सिंह चावला से जुड़े रेप केस, रूप कौर संधू को पार्टी से निकाले जाने, आप नेताओं को सरकारी आवास मिलने, एसआईआर प्रक्रिया और पंजाब की कानून-व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमरजीत सिंह चावला मामले में आम आदमी पार्टी पर असली मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। वहीं, उन्होंने पंजाब में एसआईआर प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताया।

अर्शदीप सिंह क्लेर ने कहा कि अमरजीत सिंह चावला से जुड़े रेप केस में आप लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है और इसका उद्देश्य पंजाब की जनता का ध्यान ड्रग्स की समस्या और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों से हटाना है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एसएडी और एसजीपीसी ने अमरजीत सिंह चावला को उनके सभी पदों से हटा दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने 15 दिनों के भीतर मामले की सच्चाई सामने आने की बात कही है।

रूप कौर संधू को एसएडी से निकाले जाने के सवाल पर क्लेर ने कहा कि यह पार्टी की महिला विंग से जुड़ा मामला है। रूप कौर संधू को पार्टी से निकाले जाने के कारणों के बारे में महिला विंग ही बेहतर तरीके से जानकारी दे सकती है।

आप नेताओं को कैबिनेट मंत्रियों के सरकारी आवास आवंटित किए जाने के मुद्दे पर एसएडी प्रवक्ता ने पंजाब के राज्यपाल से सरकारी आवासों की जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्रियों के सरकारी आवासों के साथ-साथ अन्य सरकारी आवासों की भी जांच होनी चाहिए कि वहां कौन रह रहा है और किस आधार पर रह रहा है। उन्होंने गायत्री बिश्नोई का उदाहरण देते हुए कहा कि वह खुद दावा करती हैं कि अपने पिता के इलाज के लिए कैबिनेट मंत्री के सरकारी आवास में रह रही हैं। क्लेर ने कहा कि ऐसे मामलों में यह स्पष्ट होना चाहिए कि सरकारी आवास के इस्तेमाल का आधार क्या है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पंजाब यूथ कांग्रेस के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर क्लेर ने एसआईआर प्रक्रिया का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने उन्हें एसआईआर प्रक्रिया पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी थी और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से पूरी प्रक्रिया को देखा है। पंजाब में एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हुई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी और उनके अनुसार इसमें पारदर्शिता बरती गई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर अर्शदीप सिंह क्लेर ने उनसे राज्य की कानून-व्यवस्था पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया। क्लेर ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री को पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए और इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए।

पूर्व ईडी डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह के अकाली दल (वारिस पंजाब दे) छोड़ने के सवाल पर क्लेर ने कहा कि बाहर से देखने पर यह संगठन ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई लड़ता हुआ दिखाई दे सकता है, लेकिन संगठन के अंदर जाने पर स्थिति अलग नजर आती है। उन्होंने दावा किया कि संगठन की ओर से ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई को लेकर किए जा रहे दावों और वास्तविकता में अंतर है। क्लेर ने इसी को निरंजन सिंह के पार्टी छोड़ने का कारण बताया।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story