पंजाब: मानसा के एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में सीबीआई ने शुरू की जांच
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। एजेंसी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इस मामले की जांच सीबीआई ने अपने हाथों में ले ली और आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।
सीबीआई से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अधिकारी इस बात की जांच करेंगे कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थ (साइकोट्रोपिक पदार्थ) केमिस्ट की दुकानों पर खुलेआम कैसे बेचे जा रहे थे। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई जांच के दौरान मानसा में पंजाब पुलिस से मामले से जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में लेगी। साथ ही, भ्रष्टाचार-रोधी जांच एजेंसी, केमिस्ट अश्विनी कुमार और अन्य लोगों की हिरासत की मांग कर सकती है।
13 अक्टूबर को पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मानसा और आसपास के इलाकों में मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित और नशे की लत लगाने वाली दवाओं की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाते थे। वह लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही नशा तस्करी और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के खिलाफ आवाज उठाते थे।
सोशल मीडिया पर 'झोटा' के नाम से मशहूर परविंदर सिंह झोटा एंटी-ड्रग टास्क फोर्स से भी जुड़े हुए थे। उन्होंने नशे के खिलाफ लोगों को एकजुट करने और स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों के चलते कई ग्राम पंचायतों ने भी नशे के खिलाफ प्रस्ताव पारित किए थे।
बताया जाता है कि हत्या से पहले परविंदर सिंह झोटा की एक मेडिकल स्टोर संचालक से नशीली दवाओं की कथित बिक्री को लेकर बहस हुई थी। सोशल मीडिया पर सामने आए एक फेसबुक लाइव वीडियो में उन्हें एक केमिस्ट की दुकान के बाहर संचालक से नशे की दवाओं की बिक्री के संबंध में सवाल करते हुए देखा गया था। हालांकि, हत्याकांड में मेडिकल स्टोर संचालक की भूमिका की जांच बाकी है।
--आईएएनएस
डीसीएच/

