पंजाब के शंभू-राजपुरा रेलवे लाइन विस्फोट मामले में एनआईए ने 6 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के शंभू-राजपुरा रेलवे लाइन विस्फोट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट 24 अक्टूबर को मोहाली स्थित एनआईए की विशेष अदालत में पेश की गई।
एनआईए के अनुसार, यह मामला 27 अप्रैल 2026 को शंभू और राजपुरा स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट से जुड़ा है। इस घटना में कथित खालिस्तानी ऑपरेटिव जगरूप सिंह की मौत हो गई थी, जो विस्फोटक तैयार करने के दौरान हादसे का शिकार हुआ था।
चार्जशीट में गुरजिंदर सिंह उर्फ बियंत बाबा, सतनाम सिंह, प्रदीप सिंह उर्फ खालसा, कुलविंदर सिंह उर्फ बग्गा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और मनजीत सिंह को आरोपी बनाया गया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, रेलवे अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
एनआईए जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की रेलवे लाइन पर विस्फोट की साजिश रची थी। एजेंसी के मुताबिक, इसका उद्देश्य प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स की गतिविधियों को आगे बढ़ाना, पंजाब में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना और कानून-व्यवस्था को अस्थिर करना था।
जांच एजेंसी ने कहा कि यह आतंकी नेटवर्क आतंक के लिए धन जुटाने, विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद की व्यवस्था करने, आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने तथा देश की अखंडता, सुरक्षा और संप्रभुता को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।
एनआईए की जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी और मृतक जगरूप सिंह, पाकिस्तान में बैठे रणजीत सिंह उर्फ नीता के निर्देशन में काम कर रहे थे। रणजीत सिंह को केजेडएफ से जुड़ा बताया गया है और उसे भारत सरकार द्वारा घोषित व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया जा चुका है।
एजेंसी के अनुसार, यह पूरी साजिश खालिस्तानी विचारधारा को बढ़ावा देने और आतंकवादी संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए रची गई थी।
एनआईए ने बताया कि मामले की जांच अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

