Samachar Nama
×

पंजाब के संगरूर में भीषण सड़क हादसे पर सीएम मान ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

पंजाब के संगरूर में भीषण सड़क हादसे पर सीएम मान ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
पंजाब के संगरूर में भीषण सड़क हादसे पर सीएम मान ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के संगरूर जिले के लहरागागा इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मनरेगा के तहत काम कर रहीं महिला मजदूरों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे आठ महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं।

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा अलीशेर गांव में हुआ। यहां करीब 20 से 25 महिला मजदूर सड़क किनारे घास काटने और सफाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घायलों को संगरूर के सरकारी अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि सड़क पर काम करने के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।

घायल महिलाओं के मुताबिक, काम वाली जगह पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही रिफ्लेक्टर या बैरिकेड की व्यवस्था थी। इसके अलावा, मजदूरों को सुरक्षा के लिए सेफ्टी जैकेट भी नहीं दी गई थी।

घटना पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "संगरूर के अलीशेर गांव में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत दुखद है। इस हादसे में मनरेगा कर्मियों सहित 8 लोगों की जान जाना एक बहुत बड़ी क्षति है। दुख की इस कठिन घड़ी में, पंजाब सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देगी, और घायलों का पूरा इलाज भी पंजाब सरकार द्वारा बिल्कुल मुफ्त कराया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति दे। फरार ड्राइवर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "पंजाब के संगरूर जिले में एक सड़क हादसे में कई श्रमिकों की मृत्यु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकसंतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story