पंजाब के अमृतसर में तेजधार हथियारों से हमलाकर शिक्षक की हत्या
चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। पंजाब में अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र में एक शिक्षक की तेजधार हथियारों से हमलाकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई, जब वह अपनी बेटी को ट्यूशन क्लास छोड़कर घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जगदीप सिंह गहरी मंडी स्कूल में शिक्षक थे। जब जगदीप सिंह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़कर वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने उनके सिर और गर्दन पर तेजधार हथियारों से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।
इस संबंध में डीएसपी गुरु बलजीत सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हमला बेहद बेरहमी से किया गया था।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
डीएसपी ने यह भी बताया कि अभी तक किसी पुरानी रंजिश, धमकी या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। जांच जारी है और जैसे-जैसे तथ्य सामने आएंगे, उन्हें साझा किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी

