Samachar Nama
×

पंजाब: हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 9 पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद

पंजाब: हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 9 पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद
पंजाब: हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 9 पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद

चंडीगढ़, 25 नवंबर (आईएएनएस)। अमृतसर पुलिस ने हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले चार नेटवर्कों का भंडाफोड़ किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी है।

पंजाब डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, "अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले चार अवैध नेटवर्कों का भंडाफोड़ करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 9 अवैध पिस्तौल, 1.313 किलोग्राम हेरोइन, नशीले पदार्थों की बिक्री से मिले 60,000 रुपए और 13 कारतूस बरामद किए हैं।"

डीजीपी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशों में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे, जो आपराधिक तत्वों के बीच बांटने के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई करवाते थे। अमृतसर के छेहरटा और रंजीत एवेन्यू पुलिस स्टेशनों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है, ताकि हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके, अन्य साथियों की पहचान की जा सके और इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।"

डीजीपी ने आगे लिखा, "पंजाब पुलिस संगठित आपराधिक नेटवर्कों को तोड़ने, अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और एक सुरक्षित तथा नशा-मुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"

इससे पहले 23 नवंबर को भी पंजाब के अमृतसर में काउंटर इंटेलिजेंस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमापार नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों पर कार्रवाई की थी और 17.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी। गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया था कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर भारत-पाकिस्तान सीमा के अजनाला सेक्टर से हेरोइन की खेप प्राप्त कर रहे थे और उसे अन्य पक्षों को आपूर्ति कर रहे थे। अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। अन्य सहयोगियों की पहचान करने और इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक सहित पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एसडी/एबीएम

Share this story

Tags