पंजाबः फिरोजपुर में गुरचरण सिंह गाबा की हत्या में शामिल दो शूटर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 7 जून (आईएएनएस)। पंजाब की फिरोजपुर पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी की ओर से दी गई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पोस्ट में बताया, "पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर एक समन्वित अभियान में फिरोजपुर के मखू निवासी गुरचरण सिंह गाबा की हत्या में शामिल दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक .30 बोर की बेरेटा पिस्टल और .30 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।"
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है, जिनमें जबरन वसूली, डकैती, चोरी और शस्त्र अधिनियम का उल्लंघन शामिल है। इन आरोपियों पर राजस्थान पुलिस द्वारा घोषित 10,000 रुपये का इनाम भी है। आरोपियों के खिलाफ मखू पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आगे की जांच जारी है।
डीजीपी ने आगे कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब को सुरक्षित और संरक्षित रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
इसके पहले 4 जून को पंजाब डीजीपी के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से किए गए पोस्ट में बताया गया था, "ऑपरेशन के दौरान एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया गया, जिससे एसएएस नगर में महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की एक नापाक साजिश को नाकाम कर दिया गया। इस त्वरित और समय पर की गई कार्रवाई ने सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित रूप से विनाशकारी खतरे को टाल दिया है। पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है, जिसमें इस साजिश में शामिल हैंडलर, सहयोगी और सभी कड़ियां शामिल हैं।"
डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस आतंकी नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध का सफाया करने और पूरे राज्य में शांति व सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
--आईएएनएस
पीएसके/पीएम

