Samachar Nama
×

पंजाब कांग्रेस में टिकट को लेकर बयानबाजी तेज, भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा ने साधा निशाना

पंजाब कांग्रेस में टिकट को लेकर बयानबाजी तेज, भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा ने साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस में टिकट को लेकर बयानबाजी तेज, भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा ने साधा निशाना

चंडीगढ़, 18 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। पार्टी में उम्मीदवारों को टिकट देने की नीति पर नेताओं के अलग-अलग रुख के बीच भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर निशाना साधा है।

आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी हमेशा ‘एक परिवार, एक टिकट’ के सिद्धांत की बात करते रहे हैं, लेकिन पार्टी के भीतर इसका पालन नहीं होता।

उन्होंने कहा कि मैं यह कहना चाहता हूं कि हमने कांग्रेस इसलिए छोड़ी, क्योंकि जब भी वे कोई नियम लाते हैं या किसी सिद्धांत पर सहमत होते हैं, तो एक ही परिवार के तीन सदस्य मां, बेटा और बेटी संसद में होते हैं। जब यह लोगों से कहते हैं कि एक परिवार के लिए केवल एक सीट होनी चाहिए तो यहां एक ही परिवार के तीन सदस्य संसद में हैं। इनमें से दो लोगों को इस्तीफा देना चाहिए।

फतेह जंग बाजवा ने कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ राजा वड़िंग युवाओं को आगे लाने की बात कर रहे हैं और एक परिवार से एक को टिकट देने की बात कर रहे हैं तो वहीं, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि जीतने वाले उम्मीदवार को टिकट मिलना चाहिए, चाहे परिवार में एक से ज्यादा टिकट ही देना पड़े।

आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरा देश जश्न मना रहा था, तब पार्टी कथित तौर पर झूठे प्रचार से बाज नहीं आई। झूठे प्रचार के सहारे पंजाब की जनता को गुमराह किया जा रहा है। भगवंत मान को पंजाब के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। पंजाब में सत्ता हासिल करने के लिए झूठे दावे किए गए और अब भी जनता को भ्रमित करने की कोशिश हो रही है।

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम पर भी फतेह जंग बाजवा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में युवाओं को मौका दिया गया है और पंजाब से तीन नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का कद बढ़ा है और आने वाले समय में पार्टी संगठन को इसका लाभ मिलेगा। नई टीम वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पंजाब के प्रभारी के रूप में सतीश पूनिया की नियुक्ति पर भी बाजवा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूर्व में यह पद खाली था और अब उनके आने से संगठन को मजबूती मिलेगी। सतीश पूनिया एक अनुभवी राजनेता हैं। वह राजस्थान से आते हैं और पंजाब की राजनीति को भी अच्छी तरह समझते हैं। उनके अनुभव का लाभ पार्टी को जरूर मिलेगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story