Samachar Nama
×

पंजाब कांग्रेस के विधायक परगट सिंह बोले- 'फिल्म सतलुज पर रोक ठीक नहीं', भाजपा और 'आप' पर साधा निशाना

पंजाब कांग्रेस के विधायक परगट सिंह बोले- 'फिल्म सतलुज पर रोक ठीक नहीं', भाजपा और 'आप' पर साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस के विधायक परगट सिंह बोले- 'फिल्म सतलुज पर रोक ठीक नहीं', भाजपा और 'आप' पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने पंजाबी फिल्म 'सतलुज' को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाए जाने का विरोध किया है। पार्टी विधायक परगट सिंह ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि सही कहानी पर आधारित फिल्म पर बैन लगाना समाज और लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।

विधायक परगट सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "जो फिल्में रियल स्टोरी पर आधारित होती हैं, उनसे बहुत ज्यादा समझ भी आती है और कहीं न कहीं जो पावर का मिसयूज होता है, उसके बारे में भी आज के लोगों को पता चलता है, तो मेरा ख्याल है, यह फिल्म दिखाई जानी चाहिए।"

उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी प्रोपेगेंडा फिल्म बनाती है। उन फिल्मों को कई बार टैक्स फ्री कर दिया जाता है। यह दिखाने की कोशिश की जाती है कि भाजपा ने इस देश के लिए कोई बड़ा काम कर दिया, लेकिन ऐसा कुछ नहीं होता है। जो सही कहानी पर आधारित फिल्म है, उस पर बैन लगाना समाज और लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। मैं इसकी निंदा करता हूं।

इस दौरान, पंजाब कांग्रेस के विधायक परगट सिंह ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "पंजाब के जो मुद्दे हैं, वे बड़े हैं। पंजाब में एक्सपेरिमेंट किया नहीं जा सकता। भाजपा और उसकी बी-टीम आम आदमी पार्टी, पंजाब को बहुत नकारात्मक दिशा में ले जा रही है। हमें इन बड़े मुद्दों से लड़ने की जरूरत है। अगर पार्टी (कांग्रेस) के अंदर कुछ गिले-शिकवे हैं, तो हम उन्हें जल्द सुलझा लेंगे।"

गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' लंबे समय तक सेंसर बोर्ड की आपत्तियों और कट्स को लेकर विवादों में रही। पहले इसका नाम 'पंजाब 95' था, जिसे बाद में बदलकर 'सतलुज' किया गया। इस दौरान फिल्म की रिलीज भी कई बार टलती रही। फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जन रामपाल, सविंदर विक्की, जगजीत संध और गीतिका विद्या ओहल्यान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। हाल ही में इस फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags