Samachar Nama
×

पंजाब सीएम भगवंत मान ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात, खेती से जुड़े कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के किसानों और खेती से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में फसल विविधीकरण, खाद की सप्लाई और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर बातचीत हुई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब की खेती से जुड़े कई मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि खाद की सप्लाई बिना किसी रुकावट जारी रखने का फैसला लिया गया है।

भगवंत मान ने कहा, ''केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया है कि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण कुछ दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन पंजाब देश में सबसे ज्यादा योगदान देने वाला राज्य है। जब भी देश में अनाज का संकट आता है, पंजाब सबसे आगे खड़ा होता है।''

उन्होंने कहा कि उनकी 3-4 प्रमुख मांगों को केंद्र सरकार ने मान लिया है। खास तौर पर फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि धान की खेती की वजह से पंजाब में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है और कई इलाके डार्क जोन में पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में मक्का, दाल और तिलहन जैसी फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों को कम पानी और कम मेहनत में बेहतर आमदनी मिल सके।

वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैठक में कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि केंद्र और पंजाब सरकार मिलकर क्रॉप डायवर्सिफिकेशन पर काम करेंगे।

उन्होंने कहा, ''चाहे कपास मिशन हो, दलहन मिशन, तिलहन मिशन या हॉर्टीकल्चर, केंद्र और पंजाब मिलकर काम करेंगे। कोशिश होगी कि किसानों को किसी तरह का नुकसान न हो, उन्हें फायदा मिले और साथ ही मिट्टी और पानी भी बचाया जा सके।''

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के खतरे से निपटने के लिए भी दोनों सरकारें मिलकर काम करेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब और किसानों को जिस तरह के सहयोग की जरूरत होगी, केंद्र सरकार पूरी ताकत के साथ मदद करेगी।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags