Samachar Nama
×

पुणे जहरीली शराब कांड, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

पुणे, 29 मई (आईएएनएस)। पुणे में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने हडपसर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली है। इस एफआईआर में आकाश जाधव और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। यह मामला अवैध शराब सेवन से जुड़ा है, जिसमें अब तक कम से कम 13 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य लोगों का इलाज जारी है।

यह घटना हडपसर इलाके के पांढरे माला क्षेत्र की है, जहां शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब पीने के कुछ ही मिनटों में कई लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

स्थानीय निवासी सुनंदा साबले ने बताया कि मरने वाले कई लोग एक ही बस्ती के रहने वाले थे और उनमें से तीन लोग एक ही परिवार के थे। उन्होंने बताया कि शराब पीने के लगभग 10 मिनट के भीतर ही लोगों की हालत बिगड़ने लगी थी। 28 मई को दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि 29 मई को मृतकों की संख्या और बढ़ गई।

एक अन्य स्थानीय महिला ने अवैध शराब पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की शराब के कारण परिवारों में परेशानी बढ़ रही है और कई लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। उन्होंने इस पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।

गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस आयुक्तों को संयुक्त जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। दोनों शहरों की पुलिस को मिलकर इस पूरे नेटवर्क की जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमों ने कई ठिकानों पर छापेमारी की है और अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आबकारी विभाग को भी जांच में शामिल किया गया है ताकि शराब के स्रोत और मिलावट की पूरी जांच की जा सके।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम

Share this story

Tags