Samachar Nama
×

Pune News: लंदन में MBA कर रही युवती का पुणे के फ्लैट में मिला शव, फूड डिलीवरी के ट्रांजैक्शन से खुला भारत लौटने का राज

Pune News: लंदन में MBA कर रही युवती का पुणे के फ्लैट में मिला शव, फूड डिलीवरी के ट्रांजैक्शन से खुला भारत लौटने का राज

महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 34 वर्षीय महिला का शव उसके किराए के फ्लैट में मिला। महिला MBA की पढ़ाई के लिए लंदन गई थी, लेकिन परिवार को बिना बताए भारत लौट आई थी। कई महीनों तक उसके माता-पिता को यही लगता रहा कि वह ब्रिटेन में रहकर पढ़ाई कर रही है। परिवार को उसकी भारत में मौजूदगी का पता बैंक खाते में हुए फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस के ट्रांजैक्शन से चला।

जुलाई 2025 में MBA करने गई थी लंदन

मृतका की पहचान छत्रपति संभाजीनगर निवासी मुग्धा अविनाश देशमुख के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई के लिए ब्रिटेन गई थीं। हालांकि, इसी साल अगस्त में वह बिना परिवार को बताए भारत लौट आईं और पुणे के गहुंजे इलाके में रहने लगीं।

फोन बंद होने पर परिवार ने शुरू की तलाश

मुग्धा के माता-पिता उनसे फोन और मैसेज के जरिए संपर्क में रहते थे। 24 अक्टूबर को जब उनका फोन बंद मिला और उनसे बातचीत नहीं हो सकी, तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। पिता अविनाश देशमुख ने लंदन में रहने वाली उनकी एक दोस्त से संपर्क किया।

दोस्त ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बातचीत 22 अक्टूबर को हुई थी। इसके बाद लंदन पुलिस में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि मुग्धा अगस्त के आखिर में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थीं।

बैंक ट्रांजैक्शन से मिला पुणे का सुराग

इसके बाद परिवार ने बैंक खाते की जानकारी जांची। इसमें 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म से कई ट्रांजैक्शन मिले। इनमें एक ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके का भी था। इससे परिवार को शक हुआ कि मुग्धा भारत लौट चुकी हैं।

परिवार ने छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया। बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने उनकी लोकेशन पुणे के गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की।

फ्लैट का ताला खुलवाया तो मिला शव

सूचना मिलने के बाद शिरगांव पुलिस की टीम संबंधित फ्लैट पर पहुंची। दरवाजा बंद होने के कारण ताला खुलवाने वाले की मदद ली गई। अंदर मुग्धा का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अप्रैल में फ्लैट किराए पर लिया था, लेकिन अगस्त में ब्रिटेन से लौटने के बाद वहां रहने लगी थीं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। मुग्धा की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

Share this story

Tags