पुणे: मेट्रो का काम चलते समय बड़ा हादसा टला, तेज हवा से गिरे लोहे के पत्रे
महाराष्ट्र, 9 मई (आईएएनएस)। पुणे से सटे निगडी इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। यहां भक्ति-शक्ति चौक के पास चल रहे महा मेट्रो के निर्माण कार्य के दौरान अचानक लोहे की चादरें (पत्रे) सड़क पर गिर गईं। इस घटना के दौरान सड़क पर आवाजाही जारी थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई भी नागरिक इसकी चपेट में नहीं आया और लोग बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में आज काफी तेज हवाएं चल रही थीं। मेट्रो के काम के लिए सुरक्षा के तौर पर लगाए गए लोहे के पत्रे इन हवाओं का दबाव झेल नहीं पाए और उखड़कर सीधे मुख्य सड़क पर आ गिरे।
अचानक भारी-भरकम पत्रे गिरने से सड़क पर चल रहे वाहन चालकों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर ये पत्रे किसी वाहन पर गिरते, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने महा मेट्रो के काम की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले भक्ति-शक्ति चौक जैसे इलाके में निर्माण कार्य करते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-तीन तक नया मेट्रो कॉरिडोर बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। दिल्ली मेट्रो फेज वी(बी) के तहत बनने वाला यह नया कॉरिडोर करीब 13.2 किलोमीटर लंबा होगा। इस पूरे रूट पर कुल 8 मेट्रो स्टेशनों का निर्माण होगा। इनमें 3 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे, जबकि 5 स्टेशन एलिवेटेड बनाए जाएंगे। यह नई लाइन शास्त्री पार्क से शुरू होकर निर्माण विहार, त्रिलोकपुरी और अन्य महत्वपूर्ण इलाकों से गुजरते हुए मयूर विहार फेज-तीन तक पहुंचेगी। इससे यात्रियों को रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और सफर का समय भी काफी कम हो जाएगा।
--आईएएनएस
एमएस/

