Samachar Nama
×

पुणे में गणेश विसर्जन के दौरान चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 13 मामले सुलझे

पुणे में गणेश विसर्जन के दौरान चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 13 मामले सुलझे
पुणे में गणेश विसर्जन के दौरान चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 13 मामले सुलझे

पुणे, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। पुणे में गणेश विसर्जन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाले उत्तर प्रदेश के एक अंतरराज्यीय गिरोह का फरासखाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले विजयपाल कंवर सैन (34) को हिरासत में लिया है।

उसके कब्जे से 139.720 ग्राम सोने के गहने, एक मोबाइल फोन, धारदार चाकू और लोहे का कटर समेत कुल 21.21 लाख रुपए से अधिक का सामान बरामद किया गया है। पुलिस कार्रवाई में चेन और मंगलसूत्र चोरी के कुल 13 मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात सागर प्रकाश कोमटी अपने मित्र के साथ पुणे के बुधवार चौक स्थित बेलबाग चौक के पास गणेश विसर्जन की शोभायात्रा देख रहे थे। इसी दौरान छह लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया, मारपीट की और चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद लोहे के कटर की मदद से उनके गले में पहनी सोने की चेन काटकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 1.46 लाख रुपये से अधिक बताई गई।

मामले की जांच के दौरान फरासखाना पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि वारदात में उत्तर प्रदेश के शामली जिले के छह लोग शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने विजयपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल सुरवसे के नेतृत्व में हुई जांच में आरोपी ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पुलिस टीम ने आगे की कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने के गहने, शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन, एक धारदार चाकू और लोहे का कटर बरामद किया। जांच के दौरान चेन और मंगलसूत्र चोरी के 12 अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शामली जिले के इस्लामपुर घसौली गांव के निवासी हैं और भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक आयोजनों तथा मेलों में लोगों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य श्रद्धालुओं को चारों ओर से घेरकर कटर की मदद से उनके गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र काट लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags