शिवसेना (यूबीटी) ने सामना में महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, पुणे को बताया 'कोयता नगरी'
मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र सामना के संपादकीय में महाराष्ट्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और गृह विभाग पर तीखा हमला किया गया है। संपादकीय में कहा गया है कि पुणे जिसे कभी राज्य की सांस्कृतिक नगरी और विद्यानगरी कहा जाता था, वह अब वह आतंक का गवाह बन रहा है। हालात ऐसे हैं कि पुणे का नाम बदलकर 'कोयता नगरी' कर देना ही उचित होगा।
संपादकीय में कहा गया है कि सुसंस्कृत माना जाने वाला पुणे शहर अब रोजाना गैंगवार की घटनाओं का गवाह बन रहा है। लोगों में भय का माहौल है और गृह विभाग सुस्त और मस्त अवस्था में पड़ा हुआ है।
सामना में बुधवार को पुणे के शिवाजीनगर न्यायालय परिसर की घटना का जिक्र किया है। संपादकीय के अनुसार, गुंडे बंदूकें और कोयते लेकर कोर्ट परिसर में घुस गए और एक युवक पर गोली चलाई। इसके बाद उस पर कोयते से ताबड़तोड़ वार किए और फिर फरार हो गए।
संपादकीय में सवाल उठाया गया है कि जब यह सब दिनदहाड़े हो रहा है, तो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस की कार्यक्षमता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
शिवसेना यूबीटी ने संपादकीय में कहा है कि पुणे शहर में कोयतेबाजी का आतंक फैला हुआ है, तो पुणे का ग्रामीण इलाका भला कैसे पीछे रह सकता है। गुरुवार को एक और खबर आई। दौंड तालुका के लडकतवाड़ी में जयश्री रासकर नामक आंगनबाड़ी शिक्षिका पर 'कोयता गैंग' ने जानलेवा हमला किया।
सामना के अनुसार, पुणे में अब कोयता गैंग का ही राज चल रहा है और पुलिस की कमर पर लगी बंदूक महज शोभा की वस्तु बनकर रह गई है।
संपादकीय में कहा गया है कि कोयते से हमला करने वाले गिरोह अब राज्यभर में फैल गए हैं। 25 नवंबर को चिपलूण में दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ। इसमें दोनों तरफ से कोयतों का इस्तेमाल किया गया। मुंबई में बुधवार रात माहिम इलाके में एक ज्वेलर की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर हमलावर फरार हो गए। इस ज्वेलर ने गुंडों को फिरौती देने से इनकार कर दिया था। उसका बदला लिया गया।
ठाणे में राम पूर्णकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई और असली आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। संपादकीय में आरोप लगाया गया है कि ठाणे पुलिस खाकी वर्दी के पुतले की तरह व्यवहार कर रही है। पुलिस आदेश देखकर यह तय करने लगी है कि किसे पकड़ना है, किसे छोड़ना है और किसे गिरफ्तार करना है।
सामना के संपादकीय में शिवसेना (यूबीटी) ने आरोप लगाया कि पुलिस के पास अब इतना ही काम बचा है कि भाजपा और शिंदे गुट में दलबदल करके आने वाले गुंडों को वॉशिंग मशीन में डालकर साफ करना है। उनका आपराधिक रिकॉर्ड मिटाना है। जिनकी गुंडे के रूप में धिंड निकालनी चाहिए, वे सभी भाजपा और शिंदे गुट के नेता बन गए हैं।
संपादकीय में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में मुंबई, पुणे, नागपुर और ठाणे में गुंडों का ही राज होगा, यह कहने की जरूरत नहीं है। सच कहें तो ऐसा राज स्थापित हो ही गया है।
विधानसभा अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए संपादकीय में कहा गया है कि उन्होंने जमीन का कब्जा दिलाने के लिए अलीबाग में आदिवासियों के एक गांव को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। उन आदिवासियों का आक्रोश जिले के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को विचलित नहीं करता। उल्टा, ये अधिकारी विधानसभा अध्यक्ष के इस पाप कर्म के रक्षक बन जाते हैं। इसे मानवता और वर्दी को शर्मसार करने वाला कृत्य बताया गया है।
संपादकीय में कहा गया है कि मुंबई के बिल्डरों की दबंगई, व्यापारियों पर हो रहे हमले, रेलवे में बढ़ते अपराध, ठाणे के पूर्णकर हत्याकांड, पुणे के कोयता गैंग का आतंक और नागपुर की गुंडागर्दी रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। यह मुख्यमंत्री की विफलता है।
अंत में संपादकीय में कहा गया है कि मुख्यमंत्री और उनके लोग अलग-अलग नामों से 'फेस्टिवल' आयोजित करके उसमें मग्न हैं लेकिन मुंबई, पुणे, ठाणे और नागपुर जैसे शहरों में गुंडों के 'फेस्टिवल' चल रहे हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

