Samachar Nama
×

पुणे के कुख्यात 'आदेकर गैंग' के पांच बदमाश गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

पुणे, 27 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आदेकर गैंग के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को डकैती की तैयारी करते समय पकड़ा। उनके कब्जे से चार पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, एक कोयता, एक चाकू और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 76 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई तालुका क्षेत्र के मिरावली पहाड़ की तलहटी में की गई। स्थानीय अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग इलाके में रुककर किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत इलाके में जाल बिछाया और छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर पांचों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुश्ताक शेख, विराट मेहंदले, समर्थ माडलकर, समर्थ दूधभाते और आकाश पवार के रूप में हुई है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि समर्थ माडलकर और समर्थ दूधभाते के खिलाफ पुणे शहर में हत्या के प्रयास, मकोका और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद हथियारों और कारतूस को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़े अपराध को टालने में सफलता मिली है।

फिलहाल आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और स्थानीय अपराध शाखा पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने वाले थे और इस गैंग से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम

Share this story

Tags