Samachar Nama
×

पुणे: जितेंद्र आव्हाड को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी पुणे से गिरफ्तार

पुणे: जितेंद्र आव्हाड को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी पुणे से गिरफ्तार
पुणे: जितेंद्र आव्हाड को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी पुणे से गिरफ्तार

पुणे, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड को फोन और मैसेज के जरिए कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशाल माधवराव बिच्चेवाड (39) के रूप में हुई है, जो लोणी कंद क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था और एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के तौर पर कार्यरत था।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात आव्हाड को एक अज्ञात नंबर से कई बार कॉल और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए थे। आरोप है कि कॉल करने वाले ने उन्हें गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामले में ठाणे के वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

जांच के दौरान आरोपी तक पहुंचने में उसके मकान मालिक की सतर्कता अहम साबित हुई। बताया गया कि आव्हाड ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबर का विवरण सोशल मीडिया पर साझा किया था। यह पोस्ट देखने के बाद मकान मालिक अनिल कंद ने नंबर की पहचान अपने किरायेदार विशाल बिच्चेवाड के रूप में की। इसके बाद उन्होंने आरोपी को लोणी कंद पुलिस स्टेशन पहुंचाया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

लोणी कंद पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनीता रोकडे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नंबर और आरोपी की पहचान का सत्यापन किया। पुष्टि होने पर ठाणे के वर्तक नगर पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद ठाणे पुलिस की एक टीम पुणे पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने धमकी क्यों दी, उसका मकसद क्या था और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags