Samachar Nama
×

पुणे एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई, 3.72 करोड़ का 10.642 किलो गांजा जब्त

पुणे एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई, 3.72 करोड़ का 10.642 किलो गांजा जब्त
पुणे एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई, 3.72 करोड़ का 10.642 किलो गांजा जब्त

पुणे, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पुणे एयरपोर्ट पर कस्टम्स विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए पुणे कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) और एयरपोर्ट ब्रांच के अधिकारियों ने बुधवार की शाम पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आ रहे एक भारतीय नागरिक को पकड़ा।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-291 से आए इस यात्री को पैसेंजर प्रोफाइलिंग और चेक-इन सामान की संदिग्ध स्कैनिंग के आधार पर रोका गया था।

इस दौरान एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए, अधिकारियों ने यात्री के सामान की बारीकी से जांच की। तलाशी के दौरान तस्करी का एक नया तरीका सामने आया। यात्री ने खाने-पीने की कमर्शियल चीजों की आड़ में नशीले पदार्थों को छिपाने की कोशिश की थी।

इन नशीले पदार्थों को नूडल्स के पैकेटों के बीच छिपाया गया था। इन्हें चांदी के रंग के नौ आयताकार पैकेटों में रखा गया था, जिन पर 'फ्रीज ड्राइड मंथोंग डुरियन' के लेबल लगे थे। पकड़े जाने से बचने के लिए हर पैकेट को वैक्यूम-सील्ड काली पॉलीथीन की दो परतों से लपेटा गया था।

पैकेट खोलने पर, उनमें पीले-हरे रंग के सूखे फूल मिले, जिनसे तेज और तीखी गंध आ रही थी। 'नारकोटिक ड्रग फील्ड टेस्टिंग किट' से की गई शुरुआती जांच में पुष्टि हुई कि यह पदार्थ मारिजुआना/गांजा (हाइड्रोपोनिक वीड) है।

10.642 किलोग्राम वजन वाले इस हाइड्रोपोनिक वीड को पैकिंग सामग्री के साथ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 3.72 करोड़ रुपए है।

वहीं, यात्री को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपी को 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस तस्करी में शामिल गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच चल रही है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags