Samachar Nama
×

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन उग्र, पुलिस पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़; फुटेज में देंखे पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन उग्र, पुलिस पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़; फुटेज में देंखे पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में शनिवार दोपहर प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। जानकारी के मुताबिक LIC बिल्डिंग के पास दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागे।  इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

फेक न्यूज फैलाने वाले 400 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट बंद

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोशल मीडिया पर फैल रही कथित भ्रामक सूचनाओं को लेकर जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि फेक न्यूज फैलाने वाले 400 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट को बंद कराया गया है। डीसीपी (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि ऐसे कई अकाउंट पहले भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय भी इसी तरह के अकाउंट सक्रिय हुए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने प्रदर्शन के दौरान एक महिला की मौत की खबर को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही इस तरह की सूचनाओं की जांच की जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी खबर को शेयर न करें।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अड़ा संगठन

वहीं, प्रदर्शनकारी संगठन कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा है कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर सरकार अपना रुख स्पष्ट नहीं करती, तब तक बातचीत का कोई मतलब नहीं है। संगठन की ओर से कहा गया कि उनकी मांगों में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा प्रमुख मुद्दा है। इसके अलावा NEET विवाद से जुड़े अन्य मामलों पर भी सरकार से जवाब मांगा जा रहा है।

सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच तीसरी बैठक की तैयारी

जानकारी के अनुसार सरकार और प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के बीच दोपहर करीब साढ़े 3 बजे तीसरी बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में सरकार की ओर से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया जा सकता है। प्रदर्शनकारी लगातार NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई, प्रभावित छात्रों को न्याय और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से कानून व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। जंतर-मंतर पर बढ़े तनाव के बाद अब सभी की नजर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच होने वाली बैठक पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद ही आंदोलन की आगे की दिशा तय होगी।

Share this story

Tags