NEET पेपर लीक के विरोध में 20 दिन से प्रदर्शन जारी, वीडियो में जाने CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने पुलिस के पैर पकड़ मांगी टेंट लगाने की अनुमति
NEET पेपर लीक मामले के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन लगातार जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले छात्र पिछले 20 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच गुरुवार को CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह पुलिस अधिकारियों से टेंट लगाने की अनुमति मांगते हुए नजर आ रहे हैं।
अभिजीत दीपके ने बारिश में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की परेशानी को देखते हुए पुलिसकर्मियों से टेंट लगाने की अपील की। वीडियो में वह पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़ते और उनके पैर पकड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि भूख हड़ताल पर बैठे छात्र बारिश के कारण काफी परेशान हो रहे हैं और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए टेंट की जरूरत है।
बारिश में भीग रहे भूख हड़ताल पर बैठे छात्र
दीपके ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे छात्र बारिश में भीग रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से प्रदर्शन स्थल पर टेंट लगाने की अनुमति मांगी है, ताकि छात्रों को बारिश से बचाया जा सके।
उन्होंने अपने दूसरे वीडियो में पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए। दीपके ने दावा किया कि कुछ छात्र जब प्रदर्शन स्थल पर तिरपाल लाने की कोशिश कर रहे थे, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की।उन्होंने आरोप लगाया कि महिला छात्रों के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया और पुरुष पुलिसकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल जारी
वहीं, पर्यावरण कार्यकर्ता और लद्दाख के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने वाले सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वांगचुक ने 28 जून से अनशन शुरू किया था।बुधवार को उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। डॉक्टरों के मुताबिक, 11 दिनों की भूख हड़ताल के दौरान उनका वजन 7 किलो से ज्यादा कम हो गया है। अब उनका वजन करीब 59.4 किलोग्राम रह गया है।चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वांगचुक की तबीयत खराब होने के बाद समर्थकों में चिंता बढ़ गई है।
NEET परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर छात्रों में नाराजगी
NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में छात्रों के बीच नाराजगी देखने को मिली है। प्रदर्शनकारी छात्र परीक्षा की पारदर्शिता, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।
जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के दौरान छात्र लगातार सरकार और प्रशासन से अपनी मांगों को लेकर अपील कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।फिलहाल पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टेंट लगाने और प्रदर्शन की व्यवस्थाओं को लेकर विवाद बना हुआ है। वहीं, भूख हड़ताल कर रहे छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की स्वास्थ्य स्थिति पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

