Samachar Nama
×

NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी, वीडियो में देंखे भूख हड़ताल के दौरान सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी

NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी, वीडियो में देंखे भूख हड़ताल के दौरान सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी

NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहा यह आंदोलन मंगलवार को 11वें दिन में प्रवेश कर गया। इसी बीच, तीन दिनों से आमरण भूख हड़ताल पर बैठे लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है।

आंदोलन के आयोजकों के अनुसार, सोनम वांगचुक का ब्लड शुगर स्तर घटकर 66 पर पहुंच गया है, जिसे सामान्य स्तर से कम माना जाता है। बताया गया कि वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

सोनम वांगचुक और आंदोलनकारी NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिम्मेदारी तय करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शन स्थल पर पुलिस तैनाती को लेकर आरोप

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उनका कहना है कि समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोका जा रहा है।दीपके ने यह भी दावा किया कि कई लोगों को पहचान पत्र (आईडी) नहीं होने के कारण प्रदर्शन स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे आंदोलन में शामिल होने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आंदोलन पर बनी हुई है नजर

NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में पहले भी विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। जंतर-मंतर पर जारी इस आंदोलन और सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत के बीच प्रशासन और प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर सभी की नजर बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share this story

Tags