Samachar Nama
×

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर आज फिर दिल्ली में प्रदर्शन, वीडियो में जाने राहुल-प्रियंका पर 3 FIR; खरगे की लंच मीटिंग भी

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर आज फिर दिल्ली में प्रदर्शन, वीडियो में जाने राहुल-प्रियंका पर 3 FIR; खरगे की लंच मीटिंग भी

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR यानी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में विपक्ष का दिल्ली में प्रदर्शन गुरुवार को लगातार तीसरे दिन जारी रहने वाला है। कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के नेता इस मुद्दे पर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। अब इस मामले में राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो गई है।

राहुल-प्रियंका के खिलाफ 3 FIR

दिल्ली पुलिस के मुताबिक बुधवार के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों से जुड़ी तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नाम भी शामिल हैं। इससे पहले 6 अक्टूबर को आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने से जुड़े मामले में भी एफआईआर दर्ज की गई थी। राहुल गांधी ने एफआईआर को लेकर कहा था कि वह इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं एफआईआर से डरता नहीं हूं। मेरे खिलाफ 45 एफआईआर हो चुकी हैं, मैं चाहता हूं 100 एफआईआर हों।”

आज फिर सड़क पर उतरेंगे विपक्षी नेता

कांग्रेस ने गुरुवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। प्रदर्शन का मुद्दा CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ SIR प्रक्रिया है। बुधवार को विपक्षी सांसदों ने लंच मीटिंग के बाद बसों से जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया था। 

खरगे आज फिर देंगे विपक्षी नेताओं को लंच

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लगातार दूसरे दिन INDIA ब्लॉक के नेताओं के लिए लंच आयोजित कर रहे हैं। गुरुवार को यह लंच कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में दोपहर 1:45 बजे रखा गया है। इसके बाद विपक्षी नेताओं के फिर प्रदर्शन करने की संभावना है। बुधवार को भी खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए दिल्ली के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच रखा था। इसके बाद विपक्षी नेता बसों से जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए थे। हालांकि समाजवादी पार्टी के सांसद उस लंच में शामिल नहीं हुए थे। 

प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई

लगातार हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की है। विपक्षी दलों का कहना है कि वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे, जबकि चुनाव आयोग और भाजपा विपक्ष के आरोपों को खारिज करते रहे हैं। 

Share this story

Tags