Samachar Nama
×

प्रियंका चतुर्वेदी ने बंगाल घुसपैठ और वक्फ मुद्दे पर उठाए सवाल

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता और पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों के मुद्दे पर कहा कि राज्य की जनता से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।
प्रियंका चतुर्वेदी ने बंगाल घुसपैठ और वक्फ मुद्दे पर उठाए सवाल

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता और पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों के मुद्दे पर कहा कि राज्य की जनता से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा ने बंगाल की जनता से घुसपैठियों को लेकर जो वादे किए थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी तक पूरी कैबिनेट भी तैयार नहीं हो पाई है, और केवल 'घुसपैठिए' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना आसान है, लेकिन वास्तविक कार्रवाई और जवाबदेही कहीं नजर नहीं आती।

वहीं, उत्तर प्रदेश में उम्मीद पोर्टल पर 31 हजार से अधिक वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण रद्द किए जाने के मुद्दे पर भी प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार से सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि आखिर इन संपत्तियों को किस आधार पर और किन कारणों से रद्द किया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी जनता के सामने रखी जानी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि जब वक्फ संशोधन विधेयक संसद में लाया गया था, तब भी उनकी पार्टी ने मांग की थी कि इस मामले को विस्तृत चर्चा के लिए किसी चयन समिति या स्थायी समिति के पास भेजा जाए ताकि सभी संबंधित पक्षों से परामर्श लिया जा सके।

उन्होंने कहा कि अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण आखिर क्यों रद्द किया गया। प्रियंका चतुर्वेदी ने उम्मीद जताई कि सरकार इस पूरे मामले पर पारदर्शिता बरतते हुए कारणों को सार्वजनिक करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार इन मामलों में प्रमाणन की प्रक्रिया आवश्यक थी।

इसके अलावा, भाजपा के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह द्वारा आम आदमी पार्टी पर राज्यसभा टिकट 'बेचने' के लगाए गए आरोपों पर भी प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह देश के एक प्रसिद्ध क्रिकेटर रहे हैं और संन्यास के बाद भी कमेंट्री समेत कई गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय हैं। हरभजन पहले आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद थे और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। ऐसे में अचानक इस तरह के आरोप लगाना उनके राजनीतिक बदलाव को सही ठहराने की कोशिश जैसा प्रतीत होता है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा की ओर से उन पर इस प्रकार के दावे करने का दबाव हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में सीटों की खरीद-फरोख्त हुई है तो हरभजन सिंह की जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने पास मौजूद जानकारी को सार्वजनिक करें।

उन्होंने यह भी कहा कि केवल सोशल मीडिया पर हुई नोकझोंक या तंज के आधार पर यह निष्कर्ष निकाल लेना कि आम आदमी पार्टी ने सीटें खरीदीं या बेचीं, उचित नहीं है। उनके मुताबिक राजनीति में गंभीर आरोप तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर लगाए जाने चाहिए, न कि केवल सोशल मीडिया की चर्चाओं के आधार पर।

प्रियंका चतुर्वेदी ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के उदय को लेकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी यह समझ चुकी है कि जेन-जी यानी नई युवा पीढ़ी अब इस पार्टी से परेशान और निराश हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक, सीबीएसई में कथित धांधली और यूजीसी की नई गाइडलाइंस जैसी घटनाओं ने युवाओं को गहरे स्तर पर प्रभावित किया है। इसके साथ ही बेरोजगारी की समस्या लगातार बढ़ रही है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ जिस तरह खिलवाड़ हो रहा है, उससे देशभर में आक्रोश का माहौल है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस की ओर से बेरोजगार युवाओं को लेकर 'कॉकरोच' जैसी टिप्पणी का जिक्र सामने आता है, तो युवाओं का गुस्सा स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और सरकार को उनकी समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से काम करना चाहिए।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags