Samachar Nama
×

पीएम मोदी ने जनता को गुमराह करके 12 साल पूरे किए: प्रियंका चतुर्वेदी

मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने, कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन रद्द होने और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इन मुद्दों पर केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने केवल देश की जनता को गुमराह करके अपना कार्यकाल पूरा किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर प्रियंका चतुर्वेदी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने पहले दो कार्यकाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार चलाई और वर्तमान में वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के समर्थन से तीसरे कार्यकाल में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

वहीं, कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने के मामले में उन्होंने इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। चतुर्वेदी ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दी गई वजहों से ऐसा प्रतीत होता है कि निर्णय राजनीतिक कारणों से प्रभावित हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इतनी अनुभवी नेता होने के बावजूद नामांकन प्रक्रिया में तकनीकी त्रुटियों पर पर्याप्त ध्यान क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग इस मामले की गंभीरता से जांच करेगा और कांग्रेस इस फैसले को अदालत में चुनौती देगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उनका दूसरा कार्यकाल चल रहा है और राज्य की जनता विकास तथा रोजगार जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों को उठाने के बजाय सरकार को जनता से किए गए वादों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में बयान दिया है कि जिन लोगों की भारत के प्रति आस्था या निष्ठा नहीं है और जो यहां की संस्कृति का सम्मान नहीं करते, उनके लिए भारत की धरती 'धर्मशाला' नहीं हो सकती।

इसके अलावा, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कांग्रेस में संभावित विलय की चर्चाओं पर भी उन्होंने टिप्पणी की। चतुर्वेदी ने कहा कि इस तरह की कई खबरें अपुष्ट सूत्रों के आधार पर सामने आती हैं, और इनमें से अनेक स्रोत भाजपा या सरकार से जुड़े बताए जाते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के बीच भविष्य की रणनीति और सहयोग को लेकर चर्चा जारी रहेगी, और इंडिया अलायंस के अंदर सभी विकल्पों पर विचार किया जाएगा।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी

Share this story

Tags