Samachar Nama
×

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मुलाकात

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मुलाकात
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मुलाकात

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट ने मुंबई में 'अर्थशॉट अवार्ड्स' कार्यक्रम में हिस्‍सा ल‍िया। इस दौरान उन्‍होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी से मुलाकात की।

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा के तहत, '2026 अर्थशॉट प्राइज' समारोह के लिए सोमवार को मुंबई पहुंचे थे। यह शाही जोड़ा 'अर्थशॉट प्राइज' समारोह में शामिल हुआ। इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। द‍िल्‍ली में बुधवार को उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात होनी है।

भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर ल‍िखा, ''वेल्स के राजकुमार और राजकुमारी ने मुंबई में 'अर्थशॉट अवार्ड्स' के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी से मुलाकात की। यूके और महाराष्ट्र, सस्टेनेबिलिटी (स्थिरता) सहित कई साझा प्राथमिकताओं पर मिलकर काम कर रहे हैं।''

अप्रैल 2016 के बाद, यह प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट की दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है।

प्रिंस विलियम ने साल 2020 में अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इसका मकसद पर्यावरण को बचाने के लिए काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को बढ़ावा देना है। इस पहल का मकसद पर्यावरण को बचाने और जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के लिए नए और बेहतर समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।

इस पुरस्कार के तहत हर साल पांच विजेताओं को चुना जाता है। प्रत्येक विजेता को अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने और उनका विस्तार करने के लिए 1 मिलियन पाउंड (12 करोड़ से ज्यादा) की राशि दी जाती है।

ऐसे में इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा से इवेंट में पहुंचना भी पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का संदेश देता नजर आया।

सोमवार को भारत पहुंचने के बाद प्रिंस विलियम ने एक्स पर एक बयान जारी कर अर्थशॉट की खासियत समझाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा, "कैथरीन और मैं इस साल के अर्थशॉट प्राइज के लिए भारत आकर बहुत खुश हैं। पिछले छह वर्षों में भारत ने अर्थशॉट में असाधारण योगदान दिया है। किसी भी अन्य देश की तुलना में, अर्थशॉट के सबसे ज्यादा फाइनलिस्ट और विजेता भारत से ही हैं।"

इस दौरान समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए शाही जोड़े ने टुक-टुक की सवारी की। ड्राइविंग सीट की कमान प्रिंस ने उठाई तो उनके पीछे प्रिंसेस ऑफ वेल्स बैठी थीं। बाद में प्रिंस ने कहा कि बेहद सुकूनदायक सवारी है। ऑटो पर 'द अर्थशॉट प्राइज' लिखा हुआ था।

प्रिंस विलियम ने कहा कि यह देश पर्यावरण से जुड़े नवाचारों (इनोवेशन) के लिए दुनिया की सबसे रोमांचक जगहों में से एक बन गया है। यहां लोग हमारे सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौतियों के लिए व्यावहारिक समाधान तैयार कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags