संसद की दो दिन बैठक बुलाने की तैयारी: वीडियो में जाने लोकसभा 30 नवंबर और राज्यसभा 2 दिसंबर को बैठेगी, परिसीमन-महिला आरक्षण बिल पर नजर
केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की अलग-अलग दिन बैठक बुलाने का फैसला किया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त होने की संभावना है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।इन बैठकों के दौरान केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है। इन प्रस्तावों को लेकर संसद में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सरकार और विपक्ष दोनों अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं।
बिल पास कराने के लिए दोनों सदनों में जुटाने होंगे पर्याप्त वोट
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने के लिए सरकार को संसद में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। उपलब्ध संख्या के हिसाब से सरकार को लोकसभा में 41 और राज्यसभा में 11 सांसदों के समर्थन की कमी बताई जा रही है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है।इससे पहले भी महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों को लेकर संसद में चर्चा हो चुकी है। अब सरकार नए प्रस्तावों के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है।
कैबिनेट बैठक और कांग्रेस की रणनीति बैठक आज
संसद की बैठकों से पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं, कांग्रेस ने संसद में अपनी रणनीति तय करने के लिए शाम 4:30 बजे बैठक बुलाई है।विपक्षी दल इन प्रस्तावों को लेकर सरकार से सवाल उठा रहे हैं। परिसीमन के जरिए राज्यों के प्रतिनिधित्व में संभावित बदलाव और महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के बीच चर्चा तेज है।सरकार की ओर से संसद में पेश किए जाने वाले विधेयकों का अंतिम स्वरूप और सदनों में होने वाली चर्चा आगामी बैठकों के दौरान स्पष्ट होगी।

