Samachar Nama
×

बुलेट ट्रेन की तैयारी तेज, 20 नवंबर से सूरत-बिलिमोरा रूट पर दौड़ेगी बिजली; 15 अगस्त 2027 से शुरू हो सकती है सेवा

बुलेट ट्रेन की तैयारी तेज, 20 नवंबर से सूरत-बिलिमोरा रूट पर दौड़ेगी बिजली; 15 अगस्त 2027 से शुरू हो सकती है सेवा

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर एक बड़ी प्रगति सामने आई है। गुजरात में सूरत से बिलिमोरा के बीच बने हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर 20 नवंबर से ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम में बिजली सप्लाई शुरू करने की तैयारी है। यह कदम बुलेट ट्रेन के ट्रायल और परिचालन की दिशा में अहम माना जा रहा है। इस 50 किलोमीटर लंबे सेक्शन को 15 अगस्त 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

सूरत और बिलिमोरा के बीच एलिवेटेड ट्रैक की अप और डाउन दोनों लाइनें तैयार हो चुकी हैं। अब ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम को हाई वोल्टेज बिजली से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पूरे मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर को 2029 तक शुरू करने का लक्ष्य है।

हाईस्पीड कॉरिडोर में बनाए गए 14 सबस्टेशन

508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए अलग-अलग रणनीतिक स्थानों पर सबस्टेशन बनाए गए हैं। इनका काम ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम तक पहुंचाना होगा। इसके अलावा पूरे इलेक्ट्रिकल नेटवर्क की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी की गई है।

इस कॉरिडोर में 2X25 KV ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है। बिजली लाइन चालू होने के बाद संबंधित सेक्शन में इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच और आगे के परीक्षण किए जा सकेंगे। परियोजना के विद्युतीकरण में जापानी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

बिजली सप्लाई के लिए लगाए गए 22 हजार से ज्यादा स्टील के खंभे

बुलेट ट्रेन के बिजली नेटवर्क को तैयार करने के लिए कॉरिडोर पर करीब 22 हजार स्टील के खंभे लगाए गए हैं। इनकी ऊंचाई लगभग 10.5 से 14.5 मीटर तक है। इसके अलावा डिपो सहित पूरे ट्रैक पर 25,700 से अधिक कैंटिलीवर असेंबल किए गए हैं।

कैंटिलीवर ओवरहेड तारों को सही स्थिति में रखने और बिजली सप्लाई की व्यवस्था बनाए रखने में मदद करते हैं। हाईस्पीड ट्रेन के संचालन के दौरान तारों और ट्रेन के पैंटोग्राफ के बीच सटीक संपर्क बेहद जरूरी होता है। इसी वजह से इस सिस्टम को विशेष तकनीक से तैयार किया जा रहा है, ताकि तेज रफ्तार पर भी बिजली की आपूर्ति सुरक्षित और लगातार बनी रहे।

पावर ग्रिड से मिलेगी बुलेट ट्रेन को बिजली

बुलेट ट्रेन को लगातार बिजली उपलब्ध कराने के लिए गुजरात और महाराष्ट्र में मजबूत इलेक्ट्रिकल नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। गुजरात में बिजली की आपूर्ति गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (GETCO) के 220 KV अंबेथा ग्रिड सबस्टेशन से की जाएगी।

कॉरिडोर में बिजली वितरण और नियंत्रण के लिए 31 स्विचिंग पोस्ट की व्यवस्था की जा रही है। वहीं स्टेशनों और सिग्नल सिस्टम को बिजली देने के लिए अलग सबस्टेशन भी बनाए जा रहे हैं।

कब शुरू होगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन?

मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल परियोजना के तहत सबसे पहले सूरत से बिलिमोरा के बीच ट्रेन चलाने की योजना है। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस सेक्शन को 15 अगस्त 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले यहां ट्रायल और सुरक्षा से जुड़े परीक्षण किए जाएंगे।

पूरे 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर को 2029 तक चालू करने की योजना है। ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा रखने का लक्ष्य है। इस परियोजना के शुरू होने से मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय काफी कम होने की उम्मीद है।

Share this story

Tags