देश के 6 राज्यों में प्री-मानसून का कहर: वीडियो में देंखे आंधी, बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित, कई जगह नुकसान
देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली समेत 6 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। कई जगहों पर तेज हवाओं, जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार को तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा टल गया। सड़क किनारे खड़ी कारों पर अचानक एक बिजली का पोल गिर गया, जिससे दो कारों का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
राजस्थान में भी मौसम का असर देखने को मिला। सीकर और चूरू जिलों के कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव की वजह से बाइक और कारें जगह-जगह फंस गईं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थानीय प्रशासन ने राहत और निकासी कार्य शुरू किया है।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी के साथ कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई लेकिन कई जगहों पर पेड़ गिरने और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश में स्थिति और भी गंभीर रही। किन्नौर जिले में बादल फटने की घटना सामने आई, जिसके बाद काचरंग नाला में अचानक बाढ़ आ गई। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों में दहशत फैल गई। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और राहत दलों को अलर्ट पर रखा गया है।महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी बारिश ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी। अंधेरी सब-वे में पानी भर जाने के कारण उसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। वहीं विक्रोली वेस्ट इलाके में एक रिहायशी इमारत के पास बनी दीवार गिर गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।
तेज हवाओं के कारण मुंबई और अन्य इलाकों में कई जगह पेड़ उखड़ गए, जिनकी चपेट में आने से वाहनों को नुकसान पहुंचा है। नगर निगम की टीमें मलबा हटाने और यातायात सामान्य करने में जुटी हुई हैं।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। देशभर में प्री-मानसून गतिविधियों के इस दौर ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं कई राज्यों में यह आपदा जैसी स्थिति भी पैदा कर रहा है। प्रशासनिक एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी हैं।

