Samachar Nama
×

देशभर में मौसम का बदला मिजाज: 6 राज्यों में प्री-मानसून बारिश, वीडियो में देंखे 7 राज्यों में भीषण गर्मी; एमपी में आकाशीय बिजली से 4 की मौत

देशभर में मौसम का बदला मिजाज: 6 राज्यों में प्री-मानसून बारिश, वीडियो में देंखे 7 राज्यों में भीषण गर्मी; एमपी में आकाशीय बिजली से 4 की मौत

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक ओर उत्तर भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में भीषण गर्मी का असर अब भी जारी है। इस बीच मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली समेत छह राज्यों के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई। हालांकि, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ रहा है।

मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश में शनिवार को आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग झुलस गए। शिवपुरी जिले में तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। तेज हवाओं से एक ढाबा और एक मकान भी ढह गया। इसके अलावा कार, बाइक और एक पेट्रोल पंप को भी नुकसान पहुंचा।वहीं, उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में भी खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

राजस्थान के 16 जिलों में बारिश

राजस्थान में भी मौसम ने करवट ली है। राज्य के 16 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

22 राज्यों तक पहुंचा मानसून, यूपी में अब भी इंतजार

देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अब तक 22 राज्यों को कवर कर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई तक मानसून देश के बाकी हिस्सों में भी पहुंच सकता है। हालांकि, उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून की एंट्री सामान्य से 9 दिन देरी से हो रही है। आमतौर पर मानसून 20 जून तक प्रदेश में पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह करीब 16 दिनों से बिहार सीमा पर ही रुका हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून आज बिहार बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Share this story

Tags