प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए सामंथा ने शेयर किया जरूरी मैसेज, बोलीं- मेरी एक्सरसाइज को फॉलो न करें
मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपने पहले बच्चे के स्वागत की तैयारियों में लगी हुई हैं और इसी बीच, उन्होंने बुधवार को अपनी प्रेग्नेंसी की खास पलों को शेयर करते हुए प्रेग्नेंट महिलाओं को खास हिदायत भी दी।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियोज पोस्ट किए, जिसमें वे प्रेग्नेंसी के दौरान भी जिम में वर्कआउट करती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बताया कि वे सालों से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग कर रही हैं और डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद ही उन्होंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जारी रखी।
अभिनेत्री ने प्रेग्नेंट महिलाओं को समझाते हुए कहा कि अगर मैं ये सारी एक्सरसाइज कर रहूं हूं, तो इसका मतलब ये नहीं कि कोई भी कर सकता है। मेरा मानना है कि सभी की प्रेग्नेंसी अलग होती है, तो अगर किसी को जारी रखनी है, तो एक बार वे अपने डॉक्टर से जरूर सलाह लें।
उन्होंने लिखा, "मैं सालों से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग कर रही हूं और डॉक्टर की परमिशन से प्रेग्नेंसी के दौरान भी इसे जारी रखा है। मेरे ट्रेनर को भी प्रेग्नेंसी के दौरान ट्रेनिंग कराने का सर्टिफिकेट हासिल है, और आप यहां जो भी देख रहे हैं, वह मेरी बॉडी, मेरे अनुभव और मेरी प्रेग्नेंसी के हिसाब से किया गया है। हर प्रेग्नेंसी अलग होती है, इसलिए कृपया मेरे वर्कआउट को अपनी प्रेग्नेंसी के लिए गाइड के तौर पर इस्तेमाल न करें। प्रेग्नेंसी के दौरान एक्सरसाइज करने से पहले अपने डॉक्टर से बात करें और किसी क्वालिफाइड ट्रेनर के साथ ही काम करें।"
बता दें कि सामंथा रुथ प्रभु ने जून 2026 में अपनी प्रेग्नेंसी की आधिकारिक पुष्टि की थी। अभिनेत्री और उनके पति फिल्मकार राज निदिमोरु, अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाले हैं। सामंथा ने यह खबर अपनी फिल्म 'मा इंटी बंगाराम' की सफलता के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में साझा की थी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया था कि वह कुछ समय के लिए अभिनय से दूरी बनाएंगी और मातृत्व अवकाश लेंगी।
मीडिया से बातचीत में सामंथा ने कहा था कि 'मा इंटी बंगाराम' के बाद उन्हें अपनी मौजूदा स्थिति को देखते हुए थोड़ा ब्रेक लेना पड़ेगा और इसके बाद वह एक और फिल्म के साथ अपने फैंस के बीच वापस लौटेंगी।
--आईएएनएस
एनएस/एएस

