Samachar Nama
×

प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर विपक्ष बोला-भाजपा के राज में सवाल पूछने की इजाजत नहीं

प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर विपक्ष बोला-भाजपा के राज में सवाल पूछने की इजाजत नहीं
प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर विपक्ष बोला-भाजपा के राज में सवाल पूछने की इजाजत नहीं

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा रविवार को तिलक नगर में हुए थप्पड़ कांड के बाद विवादों में आ गए हैं। प्रवेश वर्मा ने घटना के बाद सफाई दी कि आम आदमी पार्टी (आप) के एक कार्यकर्ता की ओर से उनके परिवार को लेकर गाली-गलौज की गई थी, जिसके जवाब में उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उनकी सफाई के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में 10 साल तक केजरीवाल सरकार सत्ता में रही। आम आदमी पार्टी सरकार का कोई भी मंत्री जनता से गर्मजोशी से मिलता था, उनकी समस्याएं सुनता था और उन्हें हल करने के लिए काम करता था। हमारी सरकार के उन 10 वर्षों में हमने कभी ऐसी गुंडागर्दी नहीं देखी। अब ऐसी सरकार सत्ता में आई है कि जब सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार सामने आने पर मंत्री को कार्रवाई करनी चाहिए और अपने अधिकारियों से सवाल पूछना चाहिए, तो वह एक गुंडे की तरह एक युवक को थप्पड़ मार रहा है।

आप विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि यह देश के लोकतंत्र के लिए बहुत दुखद क्षण है कि एक मंत्री ने अपने भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले एक युवक को थप्पड़ मार दिया। पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई सड़क, जिसका विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा के पास है, 15 मिनट के भीतर ही उखड़ गई। जब युवक ने इसका लाइव उदाहरण रिकॉर्ड करके दिखाने की कोशिश की, तो मंत्री ने उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे भ्रष्टाचार उजागर न हो सके।

आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि मुझे मंत्री प्रवेश वर्मा का फोन आया था, उन्होंने कहा कि मैं आपके इलाके में उस सड़क का मुआयना करने आया हूं, जिसकी आप शिकायत कर रहे थे। आप यहां आ जाइए। जब वे पहुंचे तो मंत्री ने पूछा कि बताइए, सड़क कहां टूटी है। मुझे दिखाइए। मैंने उन्हें सड़क दिखाई और सड़क की परत को कालीन की तरह उठाकर उन्हें दिखाया। यह देखकर मंत्री घबरा गए। मुझे लगा कि वह संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे, लेकिन इसके बजाय उन्होंने मेरे साथी साहिब सिंह को थप्पड़ मार दिया, जो इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। हम मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं।

कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कहा कि चाहे सत्य निकेतन में कोई इमारत गिरे, दिल्ली में महिलाओं और लड़कियों के साथ रेप या हत्या हो या भारतीय जनता पार्टी का कोई मंत्री किसी आम नागरिक को थप्पड़ मारे, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। जब तक भ्रष्ट ज्ञानेश कुमार को चुनाव आयोग से नहीं हटाया जाता, वे कुछ भी करते रहेंगे, क्योंकि भाजपा को चुनाव आयोग से संरक्षण मिला हुआ है।

समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर रहमान बर्क ने कहा कि भाजपा की सरकार में किसी को भी सवाल पूछने की इजाजत नहीं है। चाहे वे राज्य या केंद्र स्तर के मंत्री हों या संगठन के सदस्य, वहां तानाशाही चलती है। आप वहां सवाल नहीं उठा सकते, आपसे सिर्फ जवाब सुनने की उम्मीद की जाती है। यह शर्म की बात है। जो घटना हुई है, उसमें अपमान किसी एक व्यक्ति का नहीं है, बल्कि उन लोगों का भी अपमान है जिन्होंने भाजपा को सत्ता दिलाई। मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए।

--आईएएनएस

डीकेएम/

Share this story