Samachar Nama
×

प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

खूंटी, 22 नवंबर (आईएएनएस)। खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी 21 नवंबर को संयुक्त छापेमारी अभियान के दौरान रनिया थाना क्षेत्र से की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक आवासीय विद्यालय और सड़क निर्माण स्थल पर पीएलएफआई के नाम का पर्चा फेंककर लेवी मांगने की घटनाओं में शामिल थे।

खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास स्थित एक आवासीय विद्यालय में और 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में वीकेएस सड़क निर्माण कार्यस्थल पर कुछ अपराधियों ने पीएलएफआई के नाम का पर्चा फेंककर लेवी की मांग की थी।

इन घटनाओं के बाद तोरपा के एसडीपीओ के नेतृत्व में तपकरा, रनिया और आनंदपुर थानों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। एसपी के मुताबिक, 21 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीन लोग बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर, केलो की ओर से रनिया आ रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की और मौके से दो लोगों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू मांझी और अंकुश बागे के रूप में हुई है। दोनों खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के केलो गांव के निवासी हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने लेवी मांगने की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। ये मामले तपकरा थाना कांड संख्या 10/26 और आनंदपुर थाना कांड संख्या 20/26 से जुड़े हैं।

पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि इन घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

Share this story

Tags