Samachar Nama
×

प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक के दीक्षांत परेड समारोह में सीएम नीतीश बोले- अनुशासन के साथ निभाएं कर्तव्य

राजगीर, 13 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को नालंदा जिला स्थित बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक के दीक्षांत परेड समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। साथ ही प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि आप सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को पुरस्कृत किया। दीक्षांत परेड कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को शपथ दिलाई गई। ध्वजरोही वाहकों ने राष्ट्रीय ध्वज और अकादमी ध्वज को लेकर परेड में प्रदर्शन किया। प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों ने बेहतर परेड का प्रदर्शन कर लोगों का मन जीत लिया।

दीक्षांत परेड कार्यक्रम के पूर्व मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का जायजा लिया। बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा अकादमी के विस्तार के लिए अकादमी परिसर से सटे 22 एकड़ अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की स्वीकृति दी गई है। इस भूमि के अधिग्रहण की कार्रवाई नालंदा जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है। इस अतिरिक्त भूमि में नया प्रशासनिक भवन, परेड मैदान, अधिकारियों के लिए आवास व अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 2023 बैच के 1218 पुलिस अवर निरीक्षकों का बुनियादी प्रशिक्षण शनिवार को पूरा हो गया है, जिनमें 436 महिलाएं भी शामिल हैं। इसमें पहली बार नियुक्त तीन ट्रांसजेंडर पुलिस अवर निरीक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। इन सभी पुलिस अवर निरीक्षकों को प्रशिक्षण के उपरांत विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया जाएगा। बिहार पुलिस अकादमी का गठन वर्ष 2008 में हुआ था। इसके लिए 133 एकड़ भूमि राजगीर में उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीसीएच

Share this story

Tags