प्रशांत भूषण के खिलाफ हिंदू सेना की शिकायत, क्रांति और खून-खराबे वाले बयान पर एफआईआर की मांग
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ हिंदू सेना ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के मधु विहार पुलिस स्टेशन में यह शिकायत दी और प्रशांत भूषण के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
हिंदू सेना ने प्रशांत भूषण पर देशद्रोह और सरकार को हिंसक तरीके से गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि प्रशांत भूषण ने देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश, बड़े पैमाने पर हिंसा भड़काने और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर अपराध किए हैं।
यह शिकायत एक वायरल ऑडियो-वीडियो के सामने आने के बाद दर्ज कराई गई है। आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आयोजित एक एक्स स्पेस सेशन के दौरान प्रशांत भूषण को भारत में सत्ता परिवर्तन के लिए 'क्रांति' की वकालत करते और 'खून-खराबे' का जिक्र करते हुए सुना गया था। हिंदू सेना का कहना है कि यह सेशन सार्वजनिक रूप से आयोजित किया गया था।
इस मामले को लेकर हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा, "एक्स स्पेस जैसे सार्वजनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वकील प्रशांत भूषण की भड़काऊ बातें केवल राजनीतिक राय नहीं हैं, वे भारत की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार के खिलाफ हिंसक विद्रोह का सीधा आह्वान हैं। संवैधानिक शासन को उखाड़ फेंकने के लिए क्रांति और खून-खराबे का आह्वान करना भारत संघ के खिलाफ युद्ध छेड़ने के बराबर है।"
हिंदू सेना ने अपनी शिकायत में तीन मुख्य मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कार्यों, हिंसा भड़काने और आपराधिक साजिश के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
दूसरी मांग में हिंदू सेना ने कहा कि एक्स स्पेस की रिकॉर्डिंग का फोरेंसिक ऑडिट किया जाए। लाइव एक्स स्पेस प्रसारण और उससे जुड़ी ऑडियो-वीडियो फाइलों को पूरी तरह से जब्त कर उनकी साइबर फोरेंसिक जांच होनी चाहिए।
तीसरी मांग में संगठन ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। हिंदू सेना ने कहा कि सोशल मीडिया स्पेस का इस्तेमाल करके जनता में घबराहट, अराजकता और हिंसा फैलाना आंतरिक सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस से आग्रह किया है कि वह कानून के शासन को बनाए रखने, बड़े पैमाने पर सार्वजनिक अशांति को रोकने और देश के संवैधानिक लोकतांत्रिक ढांचे की रक्षा के लिए त्वरित और निर्णायक कानूनी कार्रवाई करे।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी

