Samachar Nama
×

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुए हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुए हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुए हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया

तिरुचिरापल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुए एक हादसे में लोगों की जान जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुए हादसे में लोगों की जान जाना अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार रविवार को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में एक कार के नीम के पेड़ से टकरा जाने से 8 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा शाम करीब 4:05 बजे जम्बुनाथपुरम पुलिस थाना क्षेत्र के कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, कार में सवार 10 लोग नमक्कल जिले के एरुमापट्टी में कान छिदवाने के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तंजावुर जिले के थिरु कट्टुपल्ली लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने मुसिरी सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मणिकम, मुरुगन, राजेश, शक्तिवेल (42) और सुब्रमणि के रूप में हुई है, जो सभी थिरु कट्टुपल्ली के महाराजपुरम के रहने वाले थे। इनके अलावा, तंजावुर जिले के साथनूर के संगिली तथा विल्लुपुरम जिले के पावड़ाई और सीतारामन भी मृतकों में शामिल हैं।

घायल हुए दो लोगों, रामलिंगम और रामर (दोनों साथनूर के रहने वाले), का मुसिरी सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने इस दुर्घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। 'एक्स' पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि घायल दोनों लोगों को हर संभव बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाए। दुर्घटना की आगे की जांच चल रही है।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags