पीएम मोदी ने भिवंडी हादसे पर जताया दुख, मृतकों के परिजनों को मिलेगी 2 लाख की मदद
नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। भिवंडी हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की बात कही।
प्रधानमंत्री ने कहा, "महाराष्ट्र के ठाणे में इमारत गिरने से हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द से जल्द ठीक हों।"
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से घोषणा की गई कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में इमारत गिरने से हुई मौतों से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"
इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भिवंडी में बिल्डिंग गिरने से कुछ लोगों की मौत बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के साथ हूं। इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश नगर आयुक्त को दिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। मैं उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी दुख जताते हुए कहा, "कोहिनूर बिल्डिंग गिरने से 9 लोगों की जान गई। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं।"
एकनाथ शिंदे ने बताया कि उन्होंने खुद भिवंडी नगर आयुक्त अनमोल सागर और ठाणे कलेक्टर श्रीकृष्ण पंचाल से बात की है और रेस्क्यू तेज करने को कहा है। घायलों का इलाज भिवंडी के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भी भर्ती किया जाएगा।
उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि इमारत में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को सरकारी नियमों के हिसाब से आर्थिक मदद दी जाएगी।
बता दें कि यह घटना गुरुवार देर रात महाराष्ट्र के भिवंडी जिले के बालाजी नगर क्षेत्र में स्थित चार मंजिला कोहिनूर इमारत के एक हिस्से के ढह जाने से घटी। बताया जा रहा है कि वहां मरम्मत का काम चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें से प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे थे।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी

